दतिया उपचुनाव : सीएम डॉ. यादव ने आशुतोष तिवारी के पक्ष में किया प्रचार, कहा- कांग्रेस को देश के साथ दतिया से भी गायब करना है

दतिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में शनिवार को उदगुवां एवं उपरायं में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस देशभर से गायब हो रही है, अब हमें मिलकर कांग्रेस को दतिया से भी पूरी तरह गायब करना है। यह चुनाव केवल विधायक चुनने का नहीं, बल्कि दतिया के विकास को नई गति देने और कांग्रेस द्वारा वर्षों तक रोके गए विकास कार्यों का हिसाब चुकता करने का है। दतिया का उपचुनाव भाजपा सरकार के विकास और कांग्रेस के झूठ तथा भ्रम की राजनीति के बीच है। दतिया की जनता भाजपा प्रत्याशी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर बुंदेलखंड के विकास को और गति दे। मुख्यमंत्री ने जनसभाओं में उमड़े भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संकल्पित
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मप्र की डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मप्र की भाजपा सरकार जनहित की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। भाजपा सरकार ने एक लाख करोड़ की लागत से केन-बेतवा नदी जोड़कर बुंदेलखंड क्षेत्र में पानी की किल्लत को खत्म किया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से सिंचाई, पेयजल और कृषि क्षेत्र को नया जीवन मिलेगा। दतिया क्षेत्र में बिजली, सिंचाई और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: PM मोदी ने स्वीकार किया धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा : CJP ने खत्म किया आंदोलन, छात्रों की बड़ी जीत
सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को सड़क, बिजली, पानी और रोजगार की सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में पुलिस की हजारों भर्तियां निकाली गई हैं, कर्मचारियों के लंबित प्रमोशन किए गए हैं, आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीबों को नि:शुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर एयर एंबुलेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कृषि, दुग्ध उत्पादन और रोजगार जैसे सभी क्षेत्रों में सरकार लगातार कार्य कर रही है। कांग्रेस ने केवल झूठे वादे किए और विकास का पहिया रोकने का काम किया। कांग्रेस कभी किसानों, गरीबों और युवाओं के हित में ईमानदारी से काम नहीं कर सकती। कांग्रेस की राजनीति केवल भ्रम फैलाने तक सीमित है, जबकि भाजपा विकास और जनसेवा की राजनीति करती है।

भाजपा सरकार सांस्कृतिक व धार्मिक विरासत का संरक्षण कर रही
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राहुल गांधी सहित कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने भगवान श्रीराम के प्रति भी अपनी आस्था प्रदर्शित नहीं की। सर्वोच्च न्यायालय में हलफनामा देकर भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताने वाली कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी अयोध्या में भव्य राम मंदिर में प्रभु श्रीराम के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में भी शामिल नहीं हुए। भाजपा सरकार देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के साथ चित्रकूट सहित धार्मिक स्थलों के समग्र विकास का कार्य भी भाजपा सरकार कर रही है।
भाजपा सरकार ने डाकुओं का अंत किया
मुख्यमंत्री ने उपरायं में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में आयोजित जनसभा में कहा कि भाजपा ने बुंदेलखंड क्षेत्र से डाकुओं का आतंक खत्म कर यहां के लोगों को सुरक्षा प्रदान की है। कभी बुंदेलखंड डाकुओं के आतंक के लिए जाना जाता था, लेकिन भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत कर क्षेत्र को भयमुक्त बनाया। आज पूरा क्षेत्र विकास और निवेश की नई पहचान बन रहा है।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर बनेगा आध्यात्मिक पर्यटन का नया केंद्र ? मुख्यमंत्री को भेजी जाएगी कार्ययोजना
ये भाजपा नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश सह-प्रभारी व विधायक सतीश उपाध्याय, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, मंत्री ऐंदल सिंह कंषाना, तुलसीराम सिलावट, गौतम टेटवाल, दिलीप अहिरवार, नरेन्द्र शिवाजी पटेल, उपचुनाव प्रभारी व सांसद भारत सिंह कुशवाह, प्रदेश उपाध्यक्ष व चुनाव अभियान सह प्रमुख रणवीर सिंह रावत, सांसद माया नारोलिया, संध्या राय, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव, पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, पूर्व मंत्री व विधायक ललिता यादव, जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह आदि उपस्थित रहे।












