Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

तमिलनाडु:सरकार गठन में देरी से बढ़ा तनाव, विजय के समर्थक ने खुद को लगाई आग

तमिलनाडु सरकार गठन में हो रही देरी के कारण राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है जिसके चलते TVK प्रमुख विजय के एक समर्थक ने विरोध स्वरूप खुद को आग लगा ली।
सरकार गठन में देरी से बढ़ा तनाव, विजय के समर्थक ने खुद को लगाई आग

तमिलनाडु में चुनाव नतीजों के बाद भी सरकार गठन का रास्ता अभी तक साफ नहीं हो पाया है। थलपति विजय की पार्टी TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर जरूर उभरी है लेकिन स्पष्ट बहुमत से दूरी और अन्य दलों का खुला समर्थन नहीं मिलने के कारण सत्ता गठन पर लगातार सस्पेंस बना हुआ है। राजनीतिक अनिश्चितता के बीच शनिवार को होने वाला थलपति विजय का संभावित शपथ ग्रहण भी टल गया। वहीं सरकार गठन में हो रही देरी का असर अब समर्थकों की भावनाओं पर भी दिखाई देने लगा है।

समर्थक ने खुद को लगाई आग, हालत गंभीर

सरकार गठन को लेकर बढ़ती बेचैनी के बीच TVK प्रमुख सी जोसेफ विजय के एक समर्थक ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली। करीब 40 वर्षीय इसक्कियप्पन गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि विजय के मुख्यमंत्री बनने में हो रही देरी से वह बेहद भावुक और परेशान थे। जानकारी के मुताबिक यह पहली बार नहीं है जब इसक्कियप्पन ने इस तरह का कदम उठाया हो। चार महीने पहले भी उन्होंने विजय के मुख्यमंत्री बनने की कामना करते हुए अपने चेहरे में 16 फीट लंबा ‘वेल’ (भाला) आर-पार किया था।

राज्य में बढ़ रहा राजनीतिक और भावनात्मक तनाव

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। कई जगह समर्थकों की भावनात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बताया गया है कि वल्लियूर में भी एक युवक ने आत्मदाह की कोशिश की जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं वीसीके कार्यालय के बाहर एक युवक पर ब्लेड से हमला होने की घटना भी सामने आई है। इन घटनाओं के बाद राज्य में राजनीतिक तनाव और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें: Suvendu Adhikari Oath Ceremony LIVE: सुवेंदु अधिकारी बने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री, 5 अन्य मंत्रियों ने भी ली शपथ

तमिलिसाई सौंदराराजन ने विजय से की अपील

इस पूरे घटनाक्रम के बीच तमिलिसाई सौंदराराजन ने थलपति विजय से अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करने को कहा है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु का हर नागरिक नई सरकार के गठन को लेकर भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है लेकिन लोगों को संयम बनाए रखना चाहिए। तमिलिसाई ने कहा कि जनता के जनादेश का सम्मान किया जा रहा है और स्थिर सरकार बनाने के लिए सभी संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: Makhanlal Sarkar: वो शख्स जिनके सम्मान में भावुक हो गए पीएम मोदी, कौन हैं 98 वर्षीय माखनलाल सरकार ?

समर्थकों से शांत रहने की अपील

तमिलिसाई ने चिंता जताते हुए कहा कि मौजूदा राजनीतिक हालात में कार्यकर्ताओं की भावनात्मक प्रतिक्रियाएं खतरनाक रूप ले रही हैं। उन्होंने विजय से आग्रह किया कि वह तुरंत अपने समर्थकों और वोटर्स के नाम संदेश जारी करें और किसी भी तरह के आत्मघाती या हिंसक कदम से बचने की अपील करें। फिलहाल तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर सस्पेंस बरकरार है और सभी की नजरें राजनीतिक दलों की अगली रणनीति पर टिकी हुई हैं।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts