Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

मंडला में दादा-पोती की डूबने से मौत, नहाने गए थे दतला नाला; गांव में पसरा मातम

मंडला के सुरंगदेवरी गांव में दतला नाला में नहाने गए 55 वर्षीय दादा और उनकी छह साल की नातिन की डूबने से मौत हो गई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
मंडला में दादा-पोती की डूबने से मौत

मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में दादा और उनकी छह वर्षीय नातिन की डूबने से मौत हो गई। महाराजपुर थाना क्षेत्र के सुरंगदेवरी गांव में दोनों घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित दतला नाला में नहाने गए थे। इस दौरान गहरे पानी में चले जाने से दोनों डूब गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

नहाने गए थे दादा और छह साल की नातिन

जानकारी के अनुसार सुरंगदेवरी निवासी पिल्लू लाल उइके (55) बुधवार सुबह अपनी 6 वर्षीय नातिन पुष्पांजलि उइके के साथ दतला नाला में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। काफी देर तक दादा और पोती के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता होने लगी। इसी दौरान परिवार के एक बच्चे को संदेह हुआ जिसके बाद उसने घरवालों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में नाले की ओर दौड़े।

ग्रामीणों ने पानी से निकाला, अस्पताल में मृत घोषित

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण दतला नाला पहुंचे। तलाश के दौरान दोनों पानी में मिले। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दादा और पोती को नाले से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। दादा और मासूम नातिन की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्वालियर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा, तालाब में डूबने से दो युवकों की मौत

एक ही परिवार में दो मौतों से गांव में मातम

इस हादसे ने पूरे सुरंगदेवरी गांव को गमगीन कर दिया है। सुबह नहाने के लिए घर से निकले दादा और पोती की मौत की खबर से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। परिवार के दो सदस्यों को एक साथ खोने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दमोह में कुएं में डूबने से मां और दो मासूम बच्चों की मौत, तीसरी बच्ची बची

महाराजपुर थाना पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद महाराजपुर थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts