श्रीलंका में वेसाक उत्सव के दौरान बड़ा हादसा :बेकाबू ट्रक ने भीड़ को कुचला; 6 की मौत, 13 घायल

कोलंबो। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के बाहरी इलाके में रविवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। बौद्ध धर्म के प्रमुख धार्मिक पर्व वेसाक उत्सव के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक भीड़ में घुस गया। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसा कोलंबो के मीगोडा इलाके में हुआ, जहां वेसाक समारोह के तहत लगाए गए एक मुफ्त भोजन स्टॉल के बाहर बड़ी संख्या में लोग लाइन में खड़े थे। इसी दौरान एक पिकअप ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसा।
नशे में था चालक, हादसे के बाद भागा
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। हादसे के बाद 42 वर्षीय आरोपी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे के पीछे सिर्फ लापरवाही थी या कोई अन्य वजह भी शामिल है।
यह भी पढ़ें: कुवैत पर ईरान का मिसाइल-ड्रोन अटैक: एयरपोर्ट के पास ईंधन टैंकों में आग, गूंजा खतरे का सायरन
मृतकों में महिलाएं और पुरुष शामिल
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में 35 से 38 साल की उम्र के तीन पुरुष और 15 से 56 वर्ष की उम्र की तीन महिलाएं शामिल हैं। वहीं, घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद राहत और बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
क्या है वेसाक पर्व?
वेसाक बौद्ध धर्म का सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व माना जाता है। यह भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण की स्मृति में मनाया जाता है। हर साल मई महीने की पहली पूर्णिमा के आसपास यह उत्सव आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर श्रीलंका के अलग-अलग हिस्सों में श्रद्धालु मुफ्त भोजन और पेय पदार्थों के स्टॉल लगाते हैं। बड़ी संख्या में लोग इन आयोजनों में शामिल होते हैं, जिसके कारण कई जगहों पर भारी भीड़ जमा हो जाती है।
भीड़ और ट्रैफिक दबाव बना हादसे की वजह
पुलिस का कहना है कि वेसाक उत्सव के दौरान अस्थायी स्टॉलों के आसपास भारी भीड़ रहती है। साथ ही सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में वाहन खड़े होने से ट्रैफिक दबाव भी बढ़ जाता है। ऐसे हालात में छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपी चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।











