‘हम संघर्ष नहीं कर रहे...’, टेस्ट टीम की आलोचना पर गौतम गंभीर का करारा जवाब

भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने टेस्ट क्रिकेट में टीम के हालिया प्रदर्शन को लेकर हो रही आलोचना पर खुलकर बात की है। गंभीर ने साफ कहा कि भारतीय टीम किसी संकट से नहीं गुजर रही है, बल्कि इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है। श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत ने गॉल टेस्ट 165 रन से जीतकर 1-0 की बढ़त बना ली है। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट कोलंबो में खेला जा रहा है। यह मुकाबला सीरीज का फैसला तय करेगा।
‘हम संघर्ष नहीं कर रहे, बदलाव के दौर में हैं’
गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टेस्ट टीम के प्रदर्शन पर कहा कि रैंकिंग को ज्यादा महत्व देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि टीम अभी बदलाव के दौर से गुजर रही है और ऐसे समय में उतार-चढ़ाव आना स्वाभाविक है गंभीर के मुताबिक, इंग्लैंड सीरीज के बाद से भारतीय टीम लगातार अच्छा क्रिकेट खेल रही है। इसलिए हालिया नतीजों को टीम के खराब दौर की तरह नहीं देखा जाना चाहिए।
गॉल की पिच पर भी बोले गंभीर
गॉल में भारत ने श्रीलंका को 165 रन से हराया था। गंभीर ने इस टेस्ट को लेकर कहा कि गॉल की पिच टेस्ट क्रिकेट के लिहाज से अच्छी थी और टीम को वहां खेलने में मजा आया। उन्होंने माना कि यह मुकाबला पूरी तरह परफेक्ट नहीं था, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में ऐसा ही होता है। अब उन्हें उम्मीद है कि कोलंबो की पिच भी टेस्ट क्रिकेट के लिए अच्छी होगी।
नई टीम तैयार होने के संकेत
भारतीय टेस्ट टीम में बदलाव का दौर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, लेकिन टीम में नई कोर टीम के उभरने के संकेत जरूर मिलने लगे हैं। शुभमन गिल अपनी लीडरशिप की जिम्मेदारी में लगातार बेहतर नजर आ रहे हैं। वहीं देवदत्त पडिक्कल ने नंबर-3 पर अच्छा प्रदर्शन किया है। इसके अलावा सुथार ने टीम को स्पिन गेंदबाजी में एक नया विकल्प दिया है।
पडिक्कल और सुथार के प्रदर्शन से गंभीर खुश
गंभीर ने देवदत्त पडिक्कल और सुथार के प्रदर्शन की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है, लेकिन अभी उन्हें काफी काम करना है। गंभीर ने यह भी कहा कि भारतीय क्रिकेट के लिए यह अच्छी बात है कि नए खिलाड़ियों ने टीम में आते ही अच्छा प्रदर्शन किया। हालांकि, किसी खिलाड़ी को सिर्फ एक मैच के आधार पर आंकना सही नहीं है।
ये भी पढ़ें: 42 मिनिट, 22 गेंद और 5 विकेट...! मिचेल स्टार्क के कहर में बांग्लादेश तहस-नहस, डेल स्टेन को छोड़ा पीछे
दूसरा टेस्ट तय करेगा सीरीज का विजेता
श्रीलंका के खिलाफ भारत दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है। ऐसे में कोलंबो का दूसरा टेस्ट बेहद अहम हो गया है। भारत अगर यह मुकाबला जीतता है तो सीरीज उसके नाम होगी, जबकि श्रीलंका की जीत से सीरीज बराबरी पर खत्म होगी। गंभीर का मानना है कि तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खिलाड़ियों और टीमों के लिए ज्यादा बेहतर होती है। ऐसी सीरीज में किसी एक मैच के खराब प्रदर्शन के बाद वापसी का मौका मिलता है।
खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी पर भी नजर
गंभीर ने कहा कि लगातार मैचों के बीच खिलाड़ियों के शरीर का ध्यान रखना जरूरी है। टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों को आराम देने और उनकी रिकवरी का पूरा ध्यान रखता है। उन्होंने बताया कि जरूरत के हिसाब से ऑप्शनल प्रैक्टिस कराई जाती है और गेंदबाजों को भी आराम दिया जाता है। गंभीर के मुताबिक, तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खिलाड़ियों के लिए काफी अच्छी होती है क्योंकि उन्हें कम समय में वापसी करने का मौका मिलता है।





















