PU Special :अब डीएनए से होगी मछलियों की पहचान, बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी के पोर्टेबल उपकरण को मिला पेटेंट

भोपाल की बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी ने डीएनए बारकोडिंग आधारित पोर्टेबल उपकरण बनाया है। इससे मछलियों की प्रजातियों की पहचान और वन्यजीव तस्करी की जांच में मदद मिलेगी।
अब डीएनए से होगी मछलियों की पहचान, बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी के पोर्टेबल उपकरण को मिला पेटेंट

रामचन्द्र पाण्डेय, भोपाल। मछली की पहचान अब उसके रंग, आकार और बाहरी बनावट से ही नहीं, बल्कि उसके डीएनए से भी हो सकेगी। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) के बायोसाइंस विभाग ने ऐसा पोर्टेबल उपकरण विकसित किया है, जो डीएनए बारकोडिंग के जरिए मछलियों की प्रजातियों की पहचान को आसान और त्वरित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस नवाचार के लिए विभागाध्यक्ष डॉ. आरके गर्ग और उनकी शोध टीम को पेटेंट मिला है। इसका उपयोग केवल मत्स्य अनुसंधान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वन्यजीव अपराधों की जांच, जैव विविधता संरक्षण और अवैध वन्यजीव व्यापार पर अंकुश लगाने में भी मददगार हो सकता है।

प्रयोगशाला से बाहर तक पहुंचेगी आनुवंशिक जांच

डीएनए बारकोडिंग में जीव के आनुवंशिक कोड के विशिष्ट हिस्से का विश्लेषण कर उसकी प्रजाति पहचानी जाती है। इसके लिए त्वचा, मांस, पंख या ऊतक जैसे छोटे नमूने भी उपयोगी होते हैं। नमूने से प्राप्त डीएनए के विशिष्ट अनुक्रम का अंतरराष्ट्रीय डेटाबेस में उपलब्ध जानकारी से मिलान कर प्रजाति की पहचान की जाती है।

यह तकनीक उन स्थितियों में भी उपयोगी है, जहां बाहरी बनावट के आधार पर प्रजातियों में अंतर करना मुश्किल होता है। भविष्य में पोर्टेबल डीएनए सीक्वेंसिंग तकनीक के साथ इसका उपयोग क्षेत्रीय स्तर पर जांच की संभावनाएं बढ़ा सकता है।

World Earth Day Special : सौर ऊर्जा के बेहतर प्रबंधन से एम्स, बीयू और भोपाल नगर निगम कर रहे करोड़ों की बचत

वन्यजीव अपराधों की जांच में भी हो सकेगा उपयोग

अवैध रूप से पकड़ी गई मछलियों, वन्यजीवों के मांस और जैविक अवशेषों से प्रजाति की पहचान करना जांच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। खाद्य पदार्थों में मछली की प्रजाति की पुष्टि और मिलावट की पहचान में भी यह तकनीक उपयोगी है।

शोध टीम में ये शामिल

डॉ. आरके गर्ग के साथ शोधार्थी निकिशा महोबिया, गायत्री बाथम, काजल सिंह, शिवानी बागरी और नीलिमा माडामे ने भी इस शोध में योगदान दिया।

वन्यजीव फॉरेंसिक में नई संभावनाएं

बीयू के शोधार्थी दीपक रघुवंशी ने बताया कि इस उपकरण का उद्देश्य डीएनए आधारित पहचान को अधिक सुलभ और उपयोगी बनाना है। इससे मत्स्य अनुसंधान के साथ जैव विविधता संरक्षण और वन्यजीव फॉरेंसिक में भी नई संभावनाएं विकसित होंगी।

भोपाल: बीयू के हॉस्टलों और विभागों में जल्द सुधरेंगी व्यवस्थाएं, खिड़की-दरवाजे से लेकर सीवेज तक होगा काम

विश्वविद्यालय की सराहनीय पहल

बीयू कुलगुरु प्रो. दीनदयाव बेदिया ने कहा कि विश्वविद्यालय की यह पहल निश्चित ही सराहनीय है, ऐसे नवाचार और अनुसंधान कार्यों के लिए सभी को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा। यह उपकरण स्टूडेंट्स को नए-नए शोध करने में सहायक होगा।

Jitendra Shrivastava
By Jitendra Shrivastava

शांत स्वभाव और सौम्य व्यक्तित्व के साथ खबरों की गहरी समझ। यही पहचान है जितेंद्र श्रीवास्तव की। पिछले...

Latest Posts