सोनी ने लॉन्च किए रेट्रो MDR-3R वायर्ड हेडफोन, 1979 के Walkman डिजाइन से प्रेरित, कीमत 6,277 रुपए से शुरू, लॉन्च होते ही हुए Sold Out

न्यूयॉर्क। सोनी ने वायर्ड हेडफोन का एक नया सेट लॉन्च किया है, जो 1979 के इसके ओरिजिनल वॉकमेन-युग के डिजाइन से प्रेरित है। MDR-3R ऑन-ईयर हेडफोन दो रंगों में उपलब्ध हैं। एक क्लासिक सिल्वर फिनिश और दूसरा 'स्ट्रेंजर थिंग्स' थीम वाला वर्जन। स्टैंडर्ड मॉडल की कीमत £49.99 (6,277 रुपए) है, जबकि स्पेशल एडिशन की कीमत £59.99 (7,533 रुपए) है। लॉन्च के बाद सोनी की वेबसाइट पर ये दोनों वर्जन तुरंत बिक गए। आगे इनकी उपलब्धता के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।इसमें कम वजन वाले इन हेडफोन के साथ नीले और नारंगी रंग के बदलने योग्य (इंटरचेंजेबल) ईयरपैड आते हैं, जिससे यूजर अपनी पसंद के अनुसार रंग बदल सकते हैं। इन्हें USB-C के जरिए सीधे फोन, टैबलेट या PC से जोड़ा जा सकता है। इसमें तुरंत म्यूजिक प्लेबैक, इन-बिल्ट प्लेबैक कंट्रोल और हैंड्स-फ़्री कॉलिंग की सुविधा मिलती है। इसके लिए न तो चार्जिंग की जरूरत है और न ही ब्लूटूथ पेयरिंग की।
पुराना डिजाइन पर वॉइस क्वालिटी नई
सोनी का कहना है कि नए मॉडल को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह 1979 के अपने ओरिजिनल MDR-3L2 हेडफोन की खासियत को बनाए रखे, साथ ही इसमें ऑडियो परफॉरमेंस को बेहतर बनाने के लिए कुछ अपडेट भी किए गए हैं। कंपनी के अनुसार इसकी आवाज काफी संतुलित है जिसमें गहरा बास, बेहतर हाई-फ्रीक्वेंसी और आवाज की ज़्यादा स्पष्टता (वोकल क्लैरिटी) मिलती है।
लोग वायर्ड इयरफोन और हेडफोन का इस्तेमाल कर रहे
सोनी MDR-3, जिस पर ये नए हेडफोन आधारित हैं, उन्हें पहले वॉकमेन (TPS-L2) के साथ पेश किया गया था। ये सोनी की शुरुआती पोर्टेबल ऑडियो रेंज का एक बहुत ही खास और यादगार हिस्सा बन गए थे। ओरिजिनल डिजाइन को अपडेट करने का यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब हाल के वर्षों में लोग सामान्य ऑडियो सुनने के लिए फिर से वायर्ड इयरफोन और हेडफोन का इस्तेमाल करने लगे हैं। क्योंकि कुछ लोग अब वायरलेस उत्पादों से दूर हो रहे हैं। सितंबर में बोस (Bose) ने 11 सालों में पहली बार अपने नए वायर्ड इयरबड्स लॉन्च किए। पिछले महीने, 'द प्रॉडिजी' (The Prodigy) ने भी अपने 'BLK.ANT' क्रिएटिव प्रोजेक्ट के तहत नए वायर्ड इयरफोन पेश किए। वहीं वायरलेस मार्केट में अल्फाथीटा (AlphaTheta) ने हाल ही में अपने नए वायरलेस DJ हेडफोन HDJ-F9 को पेश किया है।




















