OpenAI ने लॉन्च किया GPT-6 साइबर, साइबर सुरक्षा में बड़ी क्रांति, Firefox की 81 गंभीर कमजोरियां पकड़ीं, Linux Kernel के 948 Exploit बनाए

सेन फ्रांसिस्को (कैलिफोर्निया)। OpenAI ने 'GPT-6 साइबर' नाम का एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल लॉन्च किया है। इसे साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं की मदद के लिए बनाया गया है, ताकि वे सॉफ्टवेयर की कमजोरियों (vulnerabilities) को खोज सकें, उनकी पुष्टि कर सकें और उन्हें ठीक कर सकें। कंपनी ने अपनी आधिकारिक घोषणा में बताया कि इस मॉडल की मदद से पहले से अज्ञात 81 गंभीर कमजोरियों का पता चला है (जो फायरफॉक्स में थीं)। साथ ही, इसने लिनक्स कर्नेल की 948 कमजोरियों के लिए काम करने वाले 'एक्सप्लॉइट' (exploits) भी तैयार किए हैं।
कमजोरियां खोजने की क्षमता बेहतर है
दावा किया गया है कि GPT-6 साइबर, GPT-5.6 साइबर का एक बड़ा अपग्रेड है, जिसमें कमजोरियों को खोजने और एक्सप्लॉइट बनाने की क्षमता पहले से बेहतर है। OpenAI ने यह भी कहा कि यह मॉडल सुरक्षा परीक्षण की तय सीमाओं के भीतर रहने के मामले में अधिक भरोसेमंद है। इससे यह जोखिम कम हो जाता है कि मॉडल शोधकर्ता के दायरे से बाहर के सिस्टम को निशाना बनाएगा।
सुरक्षा परीक्षणों में GPT-6 साइबर ने अच्छा प्रदर्शन किया
OpenAI के अनुसार- एक्सप्लॉइटजिम (ExploitGym) नामक बेंचमार्क पर GPT-6 साइबर ने 48.5% स्कोर किया। यह बेंचमार्क जांचता है कि क्या AI मॉडल दूर स्थित सिस्टम (remote targets) में मौजूद कमजोरियों का फायदा उठा सकते हैं। GPT-5.6 साइबर का स्कोर 32.1% था, जिसके मुकाबले यह 51% का सुधार है।
यह भी पढ़ें: OpenAI मॉडल्स की बड़ी कामयाबी, पुराने सॉफ्टवेयर को 97.9% सटीकता से बनाएंगे आधुनिक
वेब पेनिट्रेशन टेस्टिंग में भी अच्छा प्रदर्शन
इसने 40.3% कमजोरियों को पहचाना, जबकि GPT-6 एस्ट्रा (GPT-6 Astra) के मामले में यह आंकड़ा 32% था। एक अलग मूल्यांकन में यह जांचा गया कि क्या AI एजेंट सुरक्षा परीक्षण की तय सीमाओं का पालन करते हैं। इसमें पाया गया कि GPT-6 साइबर ने 99.93% मामलों में बिना किसी सुरक्षा चेतावनी (safety prompts) के दायरे से बाहर की सेवाओं को निशाना बनाने से परहेज किया। प्रॉम्प्ट्स इनेबल होने पर, यह 100% टेस्ट्स में अपने दायरे (स्कोप) के भीतर रहा। OpenAI ने अपने 'प्रिपर्डनेस फ्रेमवर्क' (तैयारी ढांचे) के तहत साइबर सुरक्षा के मामले में GPT-6 Cyber को "क्रिटिकल" (अत्यंत गंभीर) श्रेणी में रखा है, जबकि GPT-5.6 Cyber को "हाई" (गंभीर) रेटिंग दी गई थी।
GPT-6 Cyber ने Linux और Firefox में कमजोरियां खोजीं
OpenAI ने बताया कि GPT-6 Cyber ने Linux कर्नेल की 1,724 कमजोरियों को फिर से उजागर किया और उनमें से 948 के लिए काम करने वाले 'एक्सप्लॉइट्स' (exploits) तैयार किए। कंपनी ने Linux मेंटेनर्स को 304 गंभीर कमियों और उनके संभावित पैच (सुधार) की जानकारी दी, जबकि बाकी कमजोरियों को ठीक करने का काम अभी चल रहा है। इस मॉडल ने Firefox में 81 ऐसी गंभीर कमजोरियों का भी पता लगाया जिनके बारे में पहले किसी को जानकारी नहीं थी।
OpenAI ने Mozilla से टेस्ट और प्रस्तावित पैच साझा किए
इसके बाद मोजिला ने कई समस्याओं के लिए सुधार जारी कर दिए हैं। रिसर्च में यह भी पता चला कि Firefox की 30 ऐसी कमजोरियां, जिनके बारे में पहले से पता था। असल में शुरुआती अनुमानों की तुलना में कहीं अधिक गंभीर थीं। सिस्को (Cisco), कैलिफ (Calif) और कोडरैबिट (CodeRabbit) जैसी कंपनियों की सुरक्षा टीमें, कमजोरियों की रिसर्च और कोड रिव्यू के लिए GPT-6 Cyber का इस्तेमाल कर रही हैं। OpenAI ने खुद अपने इंफ्रास्ट्रक्चर में मौजूद कमियों को पहचानने और उन्हें ठीक करने के लिए भी इस मॉडल का उपयोग किया है।
GPT-6 Cyber तक पहुंच
OpenAI के अनुसार GPT-6 Cyber अभी केवल Daybreak Red (सिलेक्टिव सायबर सिक्योरिटी मॉडल्स को पहुंच) के कुछ चुनिंदा ग्राहकों के लिए है, उनके API और कोडेक्स (Codex) के जरिए उपलब्ध है। कंपनी की योजना जल्द ही सभी 'डेब्रेक रेड' ग्राहकों को इसका एक्सेस देने की है। यह दुरुपयोग को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को भी मजबूत कर रहा है। इसमें अनधिकृत साइबर गतिविधियों की निगरानी करना और पावर प्लांट तथा जल उपचार सुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे से जुड़ी उच्च-जोखिम वाली सहायता के खिलाफ सुरक्षा प्रदान करना शामिल है।OpenAI ने कहा है कि संगठन और व्यक्तिगत सुरक्षा शोधकर्ता साइबर सुरक्षा टूल्स और संसाधनों तक पहुंच पाने के लिए इसके 'डेब्रेक' (Daybreak) प्रोग्राम के लिए आवेदन कर सकते हैं।




















