सतना के खेरमाई रोड बाजार में गद्दे-फोम के गोदाम में भीषण आग, 50 लाख का नुकसान

सतना। नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत खेरमाई रोड स्थित घनी आबादी वाले मुख्य बाजार में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात भीषण आग लग गई। गद्दे, फोम और रेग्जीन की करीब 40 साल पुरानी दुकान व गोदाम में रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच अचानक भड़की लपटों ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।
गोदाम में भारी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री और चिपकाने वाला सॉल्यूशन भरा होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकांड में करीब 50 लाख रुपए से अधिक का सामान जलकर खाक होने का अनुमान है, हालांकि गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
घनी आबादी, संकरे रास्ते और ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों के चलते दमकल अमले को रेस्क्यू में भारी तकनीकी बाधाओं का सामना करना पड़ा। संकीर्ण मार्ग के कारण हाइड्रोलिक मशीन और स्काईलिफ्ट मौके पर नहीं पहुंच सकीं।
इसके बाद निगम अमले ने छोटी दमकल गाड़ियों और 8 से अधिक पानी के टैंकरों के साथ मोर्चा संभाला। कुल 11 दमकल वाहनों की मदद से दमकल कर्मियों ने पूरी रात चले सघन अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। प्रथम दृष्टया आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
मौके पर डटे रहे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम कमिश्नर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, महापौर योगेश ताम्रकार, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, एसडीएम राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी और विंध्य चैंबर अध्यक्ष सतीश सुखेजा प्रशासनिक अमले के साथ रातभर मौके पर डटे रहे और राहत कार्य की कमान संभाली।
सतना में सराफा कारोबारी के सूने घर से डेढ़ करोड़ के जेवर चोरी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इनका कहना है
घनी बस्ती और संकरी गलियों के बावजूद दमकल अमले और स्थानीय प्रशासन ने रातभर तत्परता से काम कर आग को आसपास की दुकानों व रिहायशी मकानों में फैलने से रोक लिया। आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल नुकसान का सटीक आकलन जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।
-डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, आयुक्त, नगर निगम सतना




















