नई पल्सर की पहली सवारी बनी आखिरी सफर, सीधी में 2 युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में धनतेरस की खुशियां कुछ ही देर में मातम में बदल गईं। त्योहार पर नई बाइक खरीदकर घर लौट रहे तीन दोस्तों के साथ शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। मड़वास थाना क्षेत्र के हिनौता गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद महुआ गांव में शोक का माहौल है।
नई पल्सर लेकर घर लौट रहे थे तीन दोस्त
मिली जानकारी के मुताबिक, सीधी जिले के ग्राम महुआ निवासी मनोज सिंह (20), कृष्ण देव सिंह (21) और बृज सिंह (21) धनतेरस के मौके पर नई बाइक खरीदने सीधी आए थे। तीनों ने शहर की बजाज एजेंसी से नई पल्सर बाइक की डिलीवरी ली और खुशी-खुशी अपने गांव के लिए रवाना हो गए। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि घर पहुंचने से पहले रास्ते में उनके साथ इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। शुक्रवार रात करीब 11 बजे तीनों युवक मड़वास थाना क्षेत्र के हिनौता गांव के पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक मोड़ पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि तीनों युवक बाइक के साथ गड्ढे में जा पहुंचे।
मौके पर ही दो युवकों की मौत
हादसे में मनोज सिंह और कृष्ण देव सिंह को गंभीर चोटें आईं। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, तीसरा युवक बृज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की और एम्बुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस चालक जितेंद्र विश्वकर्मा के मुताबिक, घायल बृज सिंह उस समय बेहोश था और कुछ बोलने की हालत में नहीं था। उसे तुरंत इलाज के लिए मड़वास स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
घायल युवक के पैर में तीन जगह फ्रैक्चर
मड़वास स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने घायल युवक का शुरुआती इलाज किया। जांच में उसके पैर में तीन जगह फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सीधी भेजा। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल युवक का इलाज रीवा में किया जा रहा है। हादसे में दो युवकों की मौत की खबर जैसे ही उनके गांव महुआ पहुंची, वहां मातम छा गया। त्योहार के मौके पर नई बाइक खरीदने की खुशी अब परिवारों के लिए गहरे दुख में बदल गई।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
मड़वास थाना प्रभारी भूपेश बैस के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई थी। पुलिस ने गड्ढे में फंसी क्षतिग्रस्त बाइक और तीनों युवकों को बाहर निकलवाया। इसके बाद दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कराया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की कानूनी जांच की जा रही है। धनतेरस पर नई बाइक खरीदकर लौट रहे तीन दोस्तों का यह सफर एक दर्दनाक हादसे के साथ खत्म हो गया। जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब दो युवकों की मौत से दुख का माहौल है।




















