सोहागपुर में ज्वेलरी दुकान पर खरीदारी के बहाने सोने की अंगूठी चोरी, दो महिलाएं गिरफ्तार, 60 हजार का माल बरामद
सोहागपुर। नगर में अभूषण की दुकान पर खरीदारी के बहाने पहुंचकर सोने की अंगूठी चोरी करने वाली दो महिलाओं को सोहागपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब 60 हजार रुपये कीमत की सोने की अंगूठी भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 को राजेन्द्र वार्ड निवासी 85 वर्षीय रामशंकर पिता कृपाराम सोनी ने थाना सोहागपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि शाम करीब 4 बजे दो महिलाएं उनकी अभूषण की दुकान पर सोने की अंगूठी खरीदने के लिए आई थीं। इसी दौरान महिलाओं ने दुकान में रखे अभूषण के डिब्बे से करीब 5.51 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी चोरी कर ली और वहां से चली गईं।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान की। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान रमाबाई अहिरवार पति स्व. सुजीत उर्फ सुज्जु (35 वर्ष), निवासी फुरफुरी नगर पिपरिया तथा लक्ष्मीबाई पति स्व. राजेश कतिया (40 वर्ष), निवासी फुरफुरी नगर पिपरिया के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल पिपरिया रवाना हुई और दोनों महिलाओं को उनके निवास स्थान से अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई 5.51 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी, कीमत करीब 60 हजार रुपये, बरामद कर ली गई।
ये भी पढ़ें: मंत्री विजय शाह मामले में अब निगाहें ‘लोक भवन’ की ओर, कैबिनेट ने जो तय किया उस पर राज्यपाल की राय रहेगी अहम
पुलिस टीम में शामिल थे ये पुलिसकर्मी
कार्रवाई में निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक दिनेश पाल, सहायक उपनिरीक्षक गणेश राय, आरक्षक अजमेर सिंह परिहार, मनोहर दायमा, अफसर खान, संदीप चौधरी, राजकुमार यादव, महिला आरक्षक प्रीति सरयाम (थाना मंगलवारा) तथा रक्षा समिति की सिया मालवीय की उल्लेखनीय भूमिका रही।
ये भी पढ़ें: पुलिस कंट्रोल रूम में रक्षाबंधन पर खास आयोजन, महापौर मालती राय सहित महिला पार्षदों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी























