SET परीक्षा: 20 मिनट लेट मिला पेपर, अभ्यर्थियों ने सेंटर के बाहर किया हंगामा

जयपुर। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे निर्धारित समय पर परीक्षा कक्ष में पहुंच गए थे, लेकिन 11:15 बजे तक पेपर नहीं दिया गया। प्रश्नपत्र में देरी को लेकर छात्रों ने परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों से जानकारी मांगी, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने का आरोप लगाया। इसके बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने केंद्र से बाहर निकलकर विरोध-प्रदर्शन किया। SET-2026 का आयोजन रविवार 13 सितंबर को राजस्थान के सात संभाग मुख्यालयों में 429 परीक्षा केंद्रों पर एक ही पाली में किया गया।
सुबह 11 बजे शुरू होनी थी परीक्षा
राजस्थान SET-2026 के लिए जयपुर के बनाड़ रोड स्थित पिंकसिटी एकेडमी को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होनी थी, लेकिन केंद्र पर समय पर प्रश्नपत्र नहीं मिलने से परीक्षा की शुरुआत में देरी हो गई।
ये भी पढ़ें: Jio की बड़ी तैयारी, 1600 सैटेलाइट से देश के दूर-दराज इलाकों तक पहुंचेगा इंटरनेट
लापरवाही पर कौन जिम्मेदार?
प्रश्नपत्र मिलने में देरी होने पर अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र पर मौजूद कर्मचारियों से इसकी वजह पूछी। छात्रों का आरोप है कि उन्हें इस संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र से बाहर निकल आए और विरोध शुरू कर दिया।
सैकड़ों छात्रों ने किया प्रदर्शन
पेपर में देरी को लेकर परीक्षा केंद्र के बाहर छात्रों का आक्रोश दिखाई दिया। अभ्यर्थियों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन किया और समय पर प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं कराने को लेकर नाराजगी जताई। छात्रों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षा में तय समय का काफी महत्व होता है।
परीक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जयपुर के परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र समय पर नहीं मिलने की घटना ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि पेपर में देरी से उनकी तैयारी और परीक्षा के लिए निर्धारित समय प्रभावित हो सकता है। फिलहाल केंद्र पर हुई देरी को लेकर छात्रों में नाराजगी बनी हुई है।




















