बाघ का आतंक:सिवनी और मंडला में 3 लोगों की मौत, कान्हा टाइगर रिजर्व में वनकर्मी की गई जान

सिवनी और मंडला जिलों में बाघ का आतंक गहरा गया है जहां हाल ही में तीन लोगों की मौत हो गई। कान्हा टाइगर रिजर्व में भी एक वनकर्मी अपनी जान गंवा चुका है। इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोग सरकार से मुआवजे और सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
सिवनी और मंडला में 3 लोगों की मौत, कान्हा टाइगर रिजर्व में वनकर्मी की गई जान
AI Generated Image

सिवनी और मंडला जिले में रविवार को बाघ के हमलों ने दहशत फैला दी। अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं और एक वनकर्मी की मौत हो गई। लगातार हो रहे हमलों के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। 

सिवनी के कुरई क्षेत्र में महिला को बनाया शिकार

पहली घटना सिवनी जिले के कुरई वन परिक्षेत्र के गोरखपुर क्षेत्र में दोपहर करीब 1 बजे हुई। दक्षिण सामान्य वन मंडल सिवनी के डीएफओ गौरव मिश्रा के मुताबिक ग्राम जिलापुर निवासी शांति बाई कुमरे जंगल में गुल्ली बीनने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 

बरघाट क्षेत्र में खेत गई महिला पर हमला

दूसरी घटना बरघाट क्षेत्र के ग्राम मऊ (बीजादेवरी) में सामने आई। वन विकास निगम बरघाट परियोजना के संभागीय प्रबंधक रामकिशन सोलंकी ने बताया कि शिववंती बाई मर्सकोले (45) खेत में कृषि कार्य के लिए गई थीं। तभी बाघ ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर हमले के चलते महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें: पंढरपुर में बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन कुएं में गिरी, 14 लोगों की मौत

कान्हा टाइगर रिजर्व में वनकर्मी की मौत

वहीं मंडला जिले के कान्हा टाइगर रिजर्व में भी दर्दनाक घटना सामने आई। रविवार सुबह परिक्षेत्र कान्हा की नकटी घाटी बीट में गश्त के दौरान बाघ ने वन विभाग के गश्ती दल पर हमला कर दिया। हमले में अग्नि सुरक्षा श्रमिक लखन सिंह (29), निवासी आमगहन जिला बालाघाट की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

ये भी पढ़ें: कटनी : नहाने के दौरान तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, नरसिंहपुर में दो युवक नर्मदा में डूबे

इलाके में दहशत, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

तीनों घटनाओं के बाद सिवनी और मंडला के ग्रामीण इलाकों में डर का माहौल है। वन विभाग ने लोगों को जंगल और खेतों में अकेले न जाने की सलाह दी है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts