राष्ट्रीय एकता दिवस पर छिंदवाड़ा में मैराथन का आयोजन, सांसद विवेक बंटी साहू और पुलिस अधिकारियों ने भी लगाई दौड़

छिंदवाड़ा। राष्ट्रीय एकता दिवस और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर छिंदवाड़ा में जिला पुलिस बल की ओर से विशेष मैराथन का आयोजन किया गया। 31 अक्टूबर को पुलिस लाइन छिंदवाड़ा में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि सांसद विवेक बंटी साहू और वरिष्ठ अधिकारियों ने केवल खिलाड़ियों का उत्साह नहीं बढ़ाया, बल्कि खुद भी उनके साथ दौड़ लगाकर मैराथन पूरी की। आयोजन के जरिए राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।
सांसद विवेक बंटी साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया मैराथन का शुभारंभ
पुलिस लाइन छिंदवाड़ा में आयोजित मैराथन का शुभारंभ सांसद विवेक बंटी साहू, उप पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार सिंह, जिला कलेक्टर हरेंद्र नारायण सिंह और पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देशन में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई गई। इसके बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों के साथ लगाई दौड़
इस मैराथन की सबसे खास बात यह रही कि जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने मंच से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ दौड़ में हिस्सा लिया और निर्धारित दूरी पूरी की। अधिकारियों की इस भागीदारी से बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, रक्षित निरीक्षक हर्ष राज यादव, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष धुर्वे, धर्मटेकड़ी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश बघेल सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा यातायात रक्षित निरीक्षक संदीप सुनेश, सूबेदार लोहित शेंडे, कंट्रोल रूम प्रभारी डी.एस. शेंडे और पुलिस लाइन ऑफिसर केशव इंगले भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अंडर-15 और 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
मैराथन में अलग-अलग आयु वर्ग के बालक और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता को मुख्य रूप से दो वर्गों में आयोजित किया गया।




















