कटनी : नहाने के दौरान तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, नरसिंहपुर में दो युवक नर्मदा में डूबे

कटनी जिले के मढ़िया गांव में तालाब में नहाने गईं दो बहनों की डूबने से मौत हो गई। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर उनकी तलाश की गई। पुलिस के पहुंचने पर तालाब में रेस्क्यु किया गया। उधर नरसिंहपुर में दो युवक नहाते समय नर्मदा नदी में डूब गए।
नहाने के दौरान तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, नरसिंहपुर में दो युवक नर्मदा में डूबे

कटनी। जिले के बाकल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मढ़िया में तालाब में डूबने से दो सगी नाबालिग बहनों की मौत हो गई। मृतक बहनों की पहचान निधि लोधी (17) और नेहा लोधी (14) निवासी मढ़िया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों बहनें शनिवार दोपहर करीब 4 बजे गांव स्थित बलराम तालाब में नहाने के लिए घर से निकली थीं। देर शाम तक उनके घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई।

रिश्तेदारों के यहां तलाश की, सुराग नहीं मिला

परिवार के लोगों ने पहले अपने स्तर पर गांव और रिश्तेदारों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वे बलराम तालाब पहुंचे, जहां बहनों का कोई पता नहीं चलने पर बाकल थाना पुलिस को सूचना दी गई।

ये भी पढ़ें: पंढरपुर में बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन कुएं में गिरी, 14 लोगों की मौत

पुलिस और ग्रामीणों ने निकाला बाहर

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजय विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से तालाब में सर्च अभियान चलाया। तालाब का पानी गहरा होने के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाई आई। कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों बहनों को तालाब से अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

भीमकुंड में डूबे युवकों की तलाश जारी

उधर, नरसिंहपुरजिले के सतधारा स्थित नर्मदा नदी के प्रसिद्ध भीमकुंड में रविवार दोपहर नहाने के दौरान दो युवक गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा लापता युवकों की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। आगरा निवासी 24 वर्षीय आजाद सिंह और राजस्थान निवासी 30 वर्षीय छोटू गोस्वामी करेली क्षेत्र में रेलवे विद्युतीकरण कार्य से जुड़े हुए थे। रविवार को अवकाश होने के कारण वे अपने करीब एक दर्जन साथियों के साथ सतधारा घाट घूमने और नहाने पहुंचे थे। बताया गया कि नहाते समय दोनों युवक भीमकुंड के गहरे हिस्से में चले गए। अचानक संतुलन बिगड़ने से वे पानी में डूब गए और देखते ही देखते लापता हो गए। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी, होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल द्वारा लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार भीमकुंड नर्मदा नदी का अत्यंत गहरा और जोखिमपूर्ण जलक्षेत्र है, जहां बड़ी चट्टानें और गहरी दरारें होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। फिलहाल दोनों युवकों की तलाश जारी है।  

ये भी पढ़ें: मुरैना में दर्दनाक रेल हादसा: आग की अफवाह से चलती ट्रेन से कूदे यात्री, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 5 से ज्यादा की मौत

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts