Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

विधानसभा चुनाव हार चुके भाजपा के दिग्गज नेता भी लोस टिकट के दावेदार

मुरैना, मंदसौर, विदिशा, सीधी पर कवायद तेज, चर्चा में शिवराज का भी नाम
Follow on Google News
विधानसभा चुनाव हार चुके भाजपा के दिग्गज नेता भी लोस टिकट के दावेदार

भोपाल। प्रदेश की कतिपय हाई प्रोफाइल लोकसभा सीटों पर भाजपा के कुछ ऐसे दिग्गज नेताओं ने नाम भी दावेदार के रूप में उभरे हैं जो 2 महीने पहले विधानसभा चुनाव हार चुके हैं। प्रदेश की आधा दर्जन लोकसभा सीटों पर भाजपा हाईकमान रायशुमारी करा चुका है बाकी पर खोजबीन चल रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा यह फार्मूला उज्जैन सीट पर आजमा चुकी है। हालांकि इस बार विदिशा सीट पर पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का नाम भी चर्चा में है। मुरैना, मंदसौर, विदिशा, होशंगाबाद और सीधी पर में टिकट के लिए कवायद तेज हो गई है।

मंडला-सतना की पहेली

विधानसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते निवास और सतना से स्थानीय सांसद गणेश सिंह को चुनाव हार गए थे। अब इस बार मंडला और सतना सीट पर भाजपा इन्हें फिर से मौका देगी, यह पहेली बनी हुई है। भाजपा हाईकमान अभी इस पर विचार मंथन कर रहा है।

फिरोजिया की हार-जीत एक उदाहरण

उज्जैन के मौजूदा सांसद अनिल फिरोजिया नवंबर 2018 में तराना से विस चुनाव हार गए थे लेकिन पार्टी ने उन्हें चार महीने बाद ही उज्जैन से लोकसभा चुनाव में उतार दिया और वह भारी मतों से जीत भी गए। इस बार भी मंदसौर, मुरैना, सीधी, होशंगाबाद और विदिशा सहित कतिपय अन्य सीटों पर दावेदारी हो रही है। विदिशा सीट पर मामला कुछ अलग है वहां पूर्व सीएम व बुधनी से विधायक शिवराज सिंह चौहान का नाम भी चर्चा में आया है।

नरोत्तम,सिसोदिया और रामपाल के नाम की चर्चा

विस चुनाव हारे मंत्री-विधायकों की चर्चा भी रायशुमारी में हुई है। मंदसौर लोस सीट पर यशपाल सिंह सिसोदिया और पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के नाम की चर्चा है। इ मुरैना से डॉ नरोत्तम मिश्रा का नाम उभरा है। पूर्व मंत्री रामपाल सिंह विदिशा में संभावनाएं टटोल रहे हैं।

कमल,हितेष और शरदेंदु भी

विंध्य क्षेत्र की चुरहट सीट से चुनाव हारने के बाद शरदेंदु तिवारी को सीधी के लिए उपयुक्त बताया गया है। होशंगाबाद के लिए पूर्व मंत्री कमल पटेल की भी दावेदारी है। सीधी-होशंगाबाद सहित मुरैना, जबलपुर और दमोह सीट सीट रिक्त हो चुकी हैं। इधर पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, गौरीशंकर बिसेन और महेंद्र सिंह सिसोदिया भी उम्मीद से हैं। 2018 का विधानसभा चुनाव हार चुके पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता भी अपने पुनर्वास का इंतजार कर रहे हैं। विस में टिकट से चूके भाजपा प्रवक्ता डॉ हितेष वाजपेयी अब होशंगाबाद-भोपाल लोकसभा के लिए प्रयासरत है।

लोकसभा चुनाव पर एक नजर

  • लोकसभा चुनाव के लिए ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग पूरी।
  • भाजपा में तैनात हो रहे प्रवासी कार्यकर्ता।
  • कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 2 मार्च को मध्यप्रदेश में मुरैना से एंट्री करेगी।
  • कांग्रेस ने सपा को गठबंधन में दी खजुराहो लोकसभा सीट।
  • 25 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मप्र दौरा।

कार्यकर्ता का कहां उपयोग करना है, पार्टी तय करेगी

भाजपा का शीर्ष नेतृत्व एवं पार्लियामेंट बोर्ड जीत की संभावना के आधार पर किस कार्यकर्ता का कहां उपयोग करना है, यह तय करता है। पार्टी दावेदारों के नामों पर विचार कर सर्वश्रेष्ठ का चयन करती है। -आशीष अग्रवाल, मीडिया प्रभारी भाजपा

People's Reporter
By People's Reporter

Latest Posts