Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर: बेलगाम रफ्तार का कहर, अनियंत्रित कार मकान में घुसी; एनसीपी जिलाध्यक्ष की पत्नी घायल

सीहोर के शुगर फैक्ट्री रोड पर तेज रफ्तार अनियंत्रित कार मकान में घुस गई। हादसे में एनसीपी जिलाध्यक्ष की पत्नी घायल हो गईं। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीहोर: बेलगाम रफ्तार का कहर, अनियंत्रित कार मकान में घुसी; एनसीपी जिलाध्यक्ष की पत्नी घायल
गेट के पास खड़ी महिला आई कार की चपेट में

सीहोर। शहर की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित होते-होते बची। शुगर फैक्ट्री रोड पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सीधे सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान का मुख्य गेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गेट के पास मौजूद महिला कार की चपेट में आकर घायल हो गईं। घायल महिला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के सीहोर जिलाध्यक्ष रूप सिंह मालवीय की पत्नी यशोदा मालवीय हैं। घटना के बाद पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोड़ पर बिगड़ा संतुलन

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा शुगर फैक्ट्री चौराहे के समीप गणेश मंदिर रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि कस्बे की ओर से आ रही कार अत्यधिक तेज गति में थी। चालक वाहन को फिल्टर प्लांट की दिशा में ले जा रहा था। इसी दौरान मोड़ पर कार की रफ्तार नियंत्रित नहीं हो सकी और चालक वाहन पर से संतुलन खो बैठा। इसके बाद कार सड़क किनारे स्थित रूप सिंह मालवीय के मकान और दुकान की ओर तेजी से बढ़ी और सीधे मुख्य प्रवेश द्वार से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के समय जोरदार आवाज हुई। कार की रफ्तार और टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मकान का गेट क्षतिग्रस्त हो गया।

गेट के पास खड़ी महिला आई कार की चपेट में

हादसे के समय यशोदा मालवीय मकान के प्रवेश द्वार के पास मौजूद थीं। अनियंत्रित कार और गेट की टक्कर के दौरान वह इसकी चपेट में आ गईं। दुर्घटना में उनके पैर में गंभीर चोटें आईं। अचानक हुए हादसे से आसपास के दुकानदारों और रहवासियों में अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल महिला की मदद की। परिजनों तथा पड़ोसियों की सहायता से उन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया गया। हादसे में मकान के मुख्य प्रवेश द्वार को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

जिलाध्यक्ष ने चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप

एनसीपी जिलाध्यक्ष रूप सिंह मालवीय ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि कार चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। मोड़ पर नियंत्रण खोने के बाद कार सीधे उनके मकान में घुस गई। उन्होंने बताया कि हादसे में उनकी पत्नी घायल हुईं और घर के मुख्य गेट को नुकसान पहुंचा है। हादसे के तत्काल बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। कोतवाली थाना प्रभारी गिरीश दुबे के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। जांच में हादसे के कारणों और वाहन चालक की लापरवाही से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सीहोर के मिडघाट हाईवे पर कंटेनर ने भेड़ों के झुंड को रौंदा, करीब 100 की मौत, कई घायल

चौराहे पर गति नियंत्रण की मांग

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने शुगर फैक्ट्री चौराहे और आसपास के मार्गों पर वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर चिंता जताई है। रहवासियों का कहना है कि मोड़ और आबादी वाले क्षेत्र में वाहनों की गति नियंत्रित होना बेहद जरूरी है। लोगों ने यहां गतिरोधक बनाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित करने की मांग की है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts