सीहोर की लोहा फैक्ट्री में भीषण आग, गैस सिलेंडर और मशीनरी चपेट में आए; समय रहते पाया काबू

मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में खामलिया गांव के पास सोमवार दोपहर एक लोहा फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री परिसर से ऊंची लपटें उठने लगीं। धुएं का घना गुबार देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर पालिका सीहोर की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
फैक्ट्री में रखे सामान तक पहुंचीं लपटें
आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में रखे कई सामान इसकी चपेट में आ गए। जानकारी के मुताबिक, आग से गैस सिलेंडर, बिजली के केबल, मशीनरी और लोहे के उपकरण प्रभावित हुए हैं। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया।
दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। लगातार मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
जनहानि की सूचना नहीं
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फैक्ट्री में गैस सिलेंडर और मशीनरी मौजूद होने के कारण आग से बड़ा खतरा पैदा हो सकता था। हालांकि, समय रहते दमकल की कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना बाकी है।




















