Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहा सीहोर, भादो में भी कांवड़ यात्रा जारी

भादो की तेज धूप में भी शिवभक्तों की आस्था कमजोर नहीं पड़ी। सीवन नदी से जल लेकर महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के श्रद्धालु कांवड़ के साथ कुबेरेश्वरधाम पहुंच रहे हैं।
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहा सीहोर, भादो में भी कांवड़ यात्रा जारी
सीवन से कांवड़ लेकर कुबेरेश्वरधाम पहुंच रहे भक्त

सीहोर। सावन का महीना भले ही बीत गया हो, लेकिन भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और आस्था की लौ अब भी पूरी ताकत से जल रही है। भादो की तेज धूप और लंबी पैदल यात्रा भी शिवभक्तों के कदम नहीं रोक पा रही है। सीवन नदी के पवित्र तट से कांवड़ में जल भरकर श्रद्धालु कुबेरेश्वरधाम की ओर बढ़ रहे हैं। रास्ते में गूंजते ‘हर-हर महादेव’ और ‘श्री शिवाय नमस्तुभ्यं’ के जयघोष वातावरण को शिवमय बना रहे हैं। यह कांवड़ यात्रा अब अमावस्या तक निरंतर जारी रहेगी

तपती धूप में आस्था के कदम, चेहरे पर भक्ति की चमक

बुधवार को तेज धूप के बावजूद बड़ी संख्या में शिवभक्त सीवन नदी के तट से कांवड़ लेकर पैदल कुबेरेश्वरधाम पहुंचे। किसी के कंधे पर सजी कांवड़ थी तो किसी के होंठों पर भगवान शिव का नाम। रास्ते की कठिनाइयों के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी दिखाई नहीं दी। कई भक्त भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़े तो अनेक श्रद्धालु लगातार शिव नाम का जाप करते नजर आए।

सीवन के जल से बाबा का अभिषेक, मांगी परिवार की खुशहाली

कांवड़ यात्रियों ने सीवन नदी से पवित्र जल लेकर कुबेरेश्वरधाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने बाबा से परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। भक्तों का कहना है कि भगवान शिव की भक्ति में दूरी, मौसम और थकान कोई मायने नहीं रखते। आस्था के साथ उठाया गया हर कदम उन्हें बाबा के और करीब होने का एहसास कराता है।

पंडित प्रदीप मिश्रा बोले-विपरीत परिस्थितियों में मन को स्थिर रखें

कुबेरेश्वरधाम में अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने भगवान शिव के ध्यान और नाम जप का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव का ध्यान और प्रकृति का मौन मनुष्य को जीवन की उथल-पुथल के बीच भी शांत रहना सिखाता है। जीवन में परिस्थितियां लगातार बदलती रहती हैं। कभी सुख आता है तो कभी कठिनाइयां सामने खड़ी होती हैं, लेकिन भगवान का स्मरण करने वाला व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी अपने मन को स्थिर रख सकता है। इसलिए भगवान शिव का नाम जप और ध्यान निरंतर करते रहना चाहिए।

महाराष्ट्र से पहुंचे शिवभक्तों का किया स्वागत

भादो माह में भी महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालुओं के कुबेरेश्वरधाम पहुंचने का सिलसिला बना हुआ है। बुधवार को महाराष्ट्र से आए कांवड़ यात्रियों का विठलेश सेवा समिति की ओर से स्वागत-सम्मान किया गया। समिति से जुड़े पंडित विनय मिश्रा, पंडित समीर शुक्ला और कथा वाचक पंडित राघव मिश्रा सहित अन्य सदस्यों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर: आवारा कुत्तों का आतंक, 8 महीने में 8 हजार से ज्यादा लोग डॉग बाइट के शिकार

अमावस्या तक जारी रहेगा कांवड़ यात्रा का क्रम

विठलेश सेवा समिति के मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित मामा ने बताया कि सावन माह समाप्त होने के बाद भी भादो में नियमित रूप से कांवड़ यात्रा जारी है। महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु सीवन नदी से जल लेकर कांवड़ के साथ कुबेरेश्वरधाम पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमावस्या तक कांवड़ यात्रा का यह क्रम जारी रहेगा। अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले शिवभक्त सीवन नदी का जल लेकर धाम पहुंचेंगे और भगवान शिव का अभिषेक करेंगे।

धाम में सुबह से बन रहा भक्तिमय माहौल

कांवड़ यात्रियों के साथ कुबेरेश्वरधाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम भी बना हुआ है। सुबह से ही धाम में दर्शन और अभिषेक के लिए भक्तों की आवाजाही दिखाई देती है। कांवड़ यात्रियों के पहुंचते ही हर-हर महादेव के जयकारे, शिव नाम का जाप और भक्ति गीत पूरे परिसर को भक्तिमय बना देते हैं।

ये भी पढ़ें: 18 हजार की चोरी के शक में जिगरी दोस्त की हत्या, सब्जी काटने वाले 10 रुपए के चाकू से काटा गला

कांवड़ के साथ सेवा और सद्भाव का संदेश

इस धार्मिक यात्रा के बीच सेवा और सामाजिक सरोकार का भाव भी दिखाई दे रहा है। विठलेश सेवा समिति द्वारा बाहर से आने वाले कांवड़ यात्रियों के स्वागत-सत्कार और आवश्यक सेवा कार्य किए जा रहे हैं। महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से पहुंच रहे श्रद्धालुओं का सम्मान कर समिति उन्हें अपनत्व का अनुभव करा रही है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts