पिपरिया मंडी में धान की तौल में गड़बड़ी का आरोप, किसानों का हंगामा

सोहागपुर। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने एक वीडियो जारी कर मंडी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले में तत्काल हस्तक्षेप और जांच की मांग की है।
एक बोरे में 1 किलो 800 ग्राम अधिक धान तौलने का आरोप
पुष्पराज पटेल ने वीडियो के माध्यम से एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक किसान धान की उपज लेकर पिपरिया मंडी पहुंचा था, जहां उसकी फसल सदुरु ट्रेडर्स द्वारा खरीदी गई थी। नियमानुसार 55 किलो धान की भर्ती और एक किलो खाली बोरे का वजन मिलाकर प्रति बोरे का कुल वजन 56 किलो होना चाहिए था। लेकिन जब किसान को तौल में गड़बड़ी की आशंका हुई तो उसने हम्मालों से तौल रुकवाकर दूसरे कांटे पर वजन कराने की बात कही। आरोप है कि इस पर हम्मालों ने आनाकानी की। इसके बाद किसान ने खुद बोरा उठाकर दूसरी तौल मशीन पर वजन कराया, जहां उसका वजन 57 किलो 800 ग्राम निकला। इस तरह निर्धारित वजन से प्रति बोरे 1 किलो 800 ग्राम अधिक धान लिए जाने का आरोप लगाया गया है। अगर यह स्थिति अन्य किसानों के साथ भी हो रही है तो उन्हें बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें: सोहागपुर की मंडी बंद, किसान पिपरिया-सेमरी में बेच रहे उपज, स्थानीय कारोबार को करोड़ों का नुकसान
अधिकृत तुलैयों की जगह हम्मालों से तौल कराने का आरोप
कांग्रेस नेता पटेल ने मंडी की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मंडी में लगभग 50 प्रतिशत अधिकृत तुलैया तौल कांटों पर मौजूद नहीं रहते हैं। उनकी अनुपस्थिति में हम्मालों द्वारा कथित तौर पर मनमाने तरीके से तौल की जा रही है। इससे किसानों को अपनी उपज का सही वजन मिलने में परेशानी हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब किसान बची हुई फसल को समेटकर दोबारा तुलवाना चाहते हैं तो हम्मालों द्वारा आनाकानी और अड़ियल रवैया अपनाया जाता है।
किसानों का विश्वास टूटा तो बिगड़ सकते हैं हालात
पुष्पराज पटेल ने कहा कि पिपरिया कृषि उपज मंडी पर नर्मदापुरम, रायसेन और नरसिंहपुर सहित आसपास के जिलों के किसानों का भरोसा है। बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने यहां पहुंचते हैं। ऐसे में अगर तौल कांटों पर गड़बड़ी और मनमानी जारी रही तो मंडी की वर्षों पुरानी साख प्रभावित होगी। उन्होंने मंडी प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि तौल व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए, सभी कांटों पर अधिकृत तुलैयों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और किसानों के सामने पारदर्शी तरीके से तौल कराई जाए।
पुष्पराज पटेल ने दी चेतावनी
पुष्पराज पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों के साथ इस तरह की अनियमितताएं जारी रहीं तो आने वाले समय में किसानों का आक्रोश आंदोलन का रूप ले सकता है। ऐसी स्थिति में शासन-प्रशासन के लिए हालात संभालना मुश्किल हो सकता है। अब देखना होगा कि मंडी प्रशासन इन गंभीर आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है और किसानों को तौल में पारदर्शिता का भरोसा कब तक मिल पाता है।




















