गोपाष्टमी पर तालाखेड़ी में गौ पूजन और हवन, भोपाल में होने वाले ग्राम विकास सम्मेलन में शामिल होंगे समिति के 11 सदस्य
सोहागपुर। ग्राम तालाखेड़ी में गोपाष्टमी के अवसर पर ग्राम विकास समिति के तत्वावधान में हवन-पूजन और गौ माता की आरती का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की और विधि-विधान से गौ पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान गौ सेवा, ग्रामीण विकास और सामाजिक सहभागिता के महत्व पर भी चर्चा की गई।
भोपाल में 11 से 13 दिसंबर तक होगा ग्राम विकास सम्मेलन
ग्राम तालाखेड़ी का चयन मध्य भारत प्रांत की ओर से आयोजित ग्राम विकास सम्मेलन के लिए किया गया है। यह सम्मेलन 11, 12 और 13 दिसंबर को भोपाल में आयोजित होगा। इसमें तालाखेड़ी की ग्राम विकास समिति के सभी 11 सदस्य हिस्सा लेंगे। सम्मेलन की तैयारियों के तहत गांव में विभिन्न रचनात्मक और जनभागीदारी आधारित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनमें स्वच्छता अभियान, गोपाष्टमी आयोजन, दीवार लेखन और ग्राम उत्सव जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता, सामाजिक एकता और गांव के समग्र विकास के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गाय का विशेष महत्व
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विभाग गौ सेवा संयोजक जीवन दुबे ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार रही है। भारतीय जीवनशैली में गाय का विशेष स्थान है और उससे प्राप्त उत्पादों का विभिन्न कार्यों में उपयोग किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि के विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में गौ पालन की महत्वपूर्ण भूमिका है। गौ आधारित कृषि और गौ चिकित्सा जैसी पद्धतियां रासायनिक निर्भरता कम करने तथा समाज को स्वस्थ और आत्मनिर्भर बनाने में सहायक हो सकती हैं।
तालाखेड़ी का चयन गांव के लिए गौरव की बात: अशोक पटेल
ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष अशोक पटेल ने कहा कि ग्राम तालाखेड़ी का ग्राम विकास सम्मेलन के लिए चयन होना पूरे गांव के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन से पहले गांव में लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों में स्वच्छता, जागरूकता, सामाजिक सहभागिता और ग्राम विकास के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि गांव का विकास तभी संभव है, जब सभी ग्रामीण मिलकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
गौ माता की आरती के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम में संजू सिलावट, जिला कार्यवाह नरेंद्र मिश्रा, जिला प्रचारक, कैलाश विश्वकर्मा, जिला गौ सेवा संयोजक, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष अशोक पटेल सहित समिति के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।























