'बाबा फॉरएवर...'सलमान खान ने संजय दत्त को बताया बड़ा भाई, इमोशनल पोस्ट ने जीता फैंस का दिल

मुंबई। बॉलीवुड में दोस्ती की कई मिसालें हैं, लेकिन सलमान खान और संजय दत्त की बॉन्डिंग हमेशा से खास रही है। एक बार फिर दोनों सितारों की दोस्ती सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। शुक्रवार देर रात सलमान खान ने अपने सबसे करीबी दोस्त संजय दत्त के साथ दो तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें दोनों एक-दूसरे को गले लगाते नजर आ रहे हैं। तस्वीरों के साथ सलमान ने ऐसा भावुक कैप्शन लिखा, जिसने फैंस का दिल जीत लिया।
सलमान ने संजय दत्त को बताया अपना बड़ा भाई
सलमान खान ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘बाबा फॉरएवर... बाबा और बाबा, बाबा होता है। संजू बाबा हम सबके बाबा हैं और अब अपने बच्चों के भी बाबा हैं। मेरा बड़ा भाई संजय दत्त। अल्लाह, भगवान और जीसस इस इंसान को हमेशा खुश रखें। आई लव यू बाबा।‘
सलमान के इस पोस्ट से साफ झलक रहा है कि, वह संजय दत्त को सिर्फ दोस्त नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा मानते हैं।
फैंस ने कहा- 'भाईचारा ऑन टॉप'
सलमान और संजय की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के रिएक्शन की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, ‘भाईचारा ऑन टॉप।‘
दूसरे ने कमेंट किया, ‘इंडस्ट्री के दो दिग्गज एक फ्रेम में।‘
एक अन्य फैन ने लिखा, ‘इस दोस्ती को किसी की नजर न लगे।‘
पोस्ट पर हजारों लोगों ने हार्ट और फायर इमोजी शेयर कर दोनों सितारों के रिश्ते की तारीफ की।
मान्यता दत्त और त्रिशाला दत्त ने भी जताया प्यार
सलमान की इस पोस्ट पर संजय दत्त की पत्नी मान्यता दत्त ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘ब्रदर्स फॉर लाइफ।’ वहीं संजय दत्त की बड़ी बेटी त्रिशाला दत्त ने हार्ट इमोजी के जरिए अपनी खुशी जाहिर की।
समुद्र में फेंक दी थी BMW की चाबी
सलमान और संजय की दोस्ती से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी काफी मशहूर है। इसका खुलासा खुद सलमान खान ने एक टीवी शो में किया था। सलमान ने बताया था कि सोहेल खान की फिल्म 'मैंने दिल तुझको दिया' में संजय दत्त ने दोस्ती के लिए गेस्ट अपीयरेंस दिया था। शूटिंग खत्म होने के बाद संजय, सलमान के घर पहुंचे, जहां पार्टी चल रही थी। उसी दौरान सलमान ने अपनी नई BMW M5 कार संजय दत्त को दिखाते हुए कहा था,
‘बाबा, यह देश की पहली BMW M5 है और मैं चाहता हूं कि यह आपके पास हो।’
सलमान की बात सुनने के बाद संजय दत्त ने उन्हें धन्यवाद कहा, लेकिन अगले ही पल कार की चाबी उठाकर सीधे समुद्र में फेंक दी। दिलचस्प बात यह थी कि, उस कार की केवल एक ही चाबी थी। चाबी समुद्र में गिरने के बाद कार कई दिनों तक घर के बाहर खड़ी रही। बाद में करीब चार दिन की मशक्कत के बाद चाबी को ढूंढ़ा जा सका।
दशकों पुरानी है सलमान और संजय की दोस्ती
सलमान खान और संजय दत्त की दोस्ती कई दशक पुरानी है। दोनों ने पर्दे पर भी कई फिल्मों में साथ काम किया है। इनमें शामिल हैं-
- साजन
- चल मेरे भाई
- ये है जलवा
इन फिल्मों में दोनों की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन दोनों की दोस्ती हमेशा सुर्खियों में रही है।
क्या बर्थडे के बाद मिलने पहुंचे थे सलमान?
29 जुलाई को संजय दत्त ने अपना जन्मदिन मनाया था। ऐसे में सोशल मीडिया पर कई फैंस यह कयास लगा रहे हैं कि सलमान खान अपने दोस्त को जन्मदिन की बधाई देने के लिए उनसे मिलने पहुंचे थे। हालांकि, इस बारे में दोनों सितारों की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
वर्क फ्रंट पर क्या कर रहे हैं सलमान खान?
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही फिल्म 'मातृभूमि: मे रेस्ट इन पीस' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। वहीं संजय दत्त भी कई बड़े बॉलीवुड और साउथ प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं।











