CG NEWS:विकास के दावों पर कीचड़ का तमाचा: 1 किमी कंधों पर शव, फिर नदी पार कर मिली अंतिम विदाई

RAMGOPAL GOUTAM,SHAKTI । सक्ती जिले से विकास के दावों की हकीकत उजागर करने वाली बेहद शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। ग्राम पंचायत सोंठी में सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को एक बुजुर्ग महिला के शव को करीब एक किलोमीटर तक घुटनों तक कीचड़ से होकर कंधों पर ढोना पड़ा। इतना ही नहीं, अंतिम संस्कार के लिए उफनती बोराई नदी भी पार करनी पड़ी। इस घटना ने ग्रामीण विकास और बुनियादी सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें: CG NEWS: आदर्श ग्राम कोट में महिला कमांडो का एक्शन: कच्ची शराब और अवैध गतिविधियों पर महिलाओं का सख्त पहरा
बारिश ने खोली विकास की पोल
एक ओर सरकार गांव-गांव तक सड़क और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के दावे कर रही है, वहीं सक्ती जिले के ग्राम पंचायत सोंठी की तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े करती है। यहां सड़क के अभाव में ग्रामीणों को अंतिम यात्रा तक संघर्ष करना पड़ रहा है।
60 वर्षीय महिला की मौत के बाद सामने आई दर्दनाक तस्वीर
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत सोंठी निवासी करीब 60 वर्षीय कमलाबाई महंत का बीमारी के कारण निधन हो गया। शुक्रवार सुबह परिजन जब शव को दफनाने श्मशान ले जाने निकले तो पूरा रास्ता बारिश के कारण दलदल में तब्दील मिला।
यह भी पढ़ें: CG NEWS: बालोद का हेलमेट मॉडल बना मिसाल, 7 गांव हुए 'मॉडल हेलमेट ग्राम', महिला कमांडो को IG ने किया सम्मानित
एक किलोमीटर तक कंधों पर शव, फिर नदी भी पार करनी पड़ी
सड़क पूरी तरह कीचड़ और पानी से भर चुकी थी। किसी वाहन या एम्बुलेंस के पहुंचने की कोई संभावना नहीं थी। ऐसे में ग्रामीणों ने शव को कंधे पर उठाया और करीब एक किलोमीटर तक घुटनों तक कीचड़ में पैदल चले। इसके बाद बोराई नदी पार कर किसी तरह अंतिम संस्कार स्थल पहुंचे।

सालों से सड़क की मांग, अब भी सिर्फ प्रस्ताव
ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे फाटक से बोराई नदी तक करीब एक किलोमीटर सड़क बनाने की मांग कई वर्षों से की जा रही है। ग्राम पंचायत ने मनरेगा के तहत मिट्टी-मुरूम सड़क का प्रस्ताव भी भेजा, लेकिन अब तक किसी योजना में स्वीकृति नहीं मिली।
हर बारिश में दोहराई जाती है पीड़ा
ग्रामीणों के मुताबिक हल्की बारिश होते ही यह मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है। बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाना हो या अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाना, हर बार यही कठिनाई झेलनी पड़ती है।
ग्राम पंचायत सचिव ने क्या कहा
ग्राम पंचायत सचिव रामनारायण सिदार ने बताया कि मनरेगा के तहत मिट्टी सड़क निर्माण का प्रस्ताव जनपद पंचायत को भेजा जा चुका है।
यह भी पढ़ें: CG NEWS: रायपुर में सोलर पैनल लगाते समय हाईटेंशन लाइन से बड़ा हादसा, करंट लगने से दो मजदूरों की मौत
सीईओ का जवाब
जिला पंचायत सीईओ वासु जैन ने कहा कि यदि ऐसी स्थिति है तो पहले जानकारी लेंगे, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।












