भोपाल सेंट्रल जेल में छात्र की मौत, वेंटिलेटर पर भी पैरों में थी बेड़ियां; परिजनों ने किया हंगामा

भोपाल। ईश्वर नगर निवासी हर्षित के परिजनों का आरोप है कि जेल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने पैसे मांगे थे और उसकी बीमारी को गंभीरता से नहीं लिया गया। हालत बिगड़ने पर उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने वेंटिलेटर पर रहने के दौरान भी उसके पैरों में बेड़ियां होने पर सवाल उठाए हैं। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, जबकि जेल सुपरिंटेंडेंट ने इसे न्यायिक अभिरक्षा में हुई मौत बताते हुए न्यायिक जांच की बात कही है।
दो महीने से निमोनिया से पीड़ित था हर्षित
ईश्वर नगर निवासी 21 वर्षीय हर्षित राजपूत पिछले करीब दो महीने से निमोनिया की बीमारी से जूझ रहा था। परिजनों का आरोप है कि जेल में उसकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उसे समय पर बेहतर इलाज नहीं मिला। जब उसकी हालत ज्यादा गंभीर हो गई, तब उसे हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: रात 12 बजे तक मोबाइल चला रही थी पत्नी... पति को आया गुस्सा, कर दी हत्या! फिर खुद पहुंचा अस्पताल
परिजनों ने जेल में इलाज के लिए पैसे मांगने का लगाया आरोप
हर्षित के चाचा भरत सिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि जेल में बंद रहने के दौरान उसकी तबीयत लगातार खराब हो रही थी। कुछ दिन पहले जब वे उससे मिलने जेल पहुंचे, तब वह ठीक से चलने की स्थिति में भी नहीं था। इलाज के बारे में पूछने पर हर्षित ने बताया था कि जेल के डॉक्टर उपचार करने के लिए पैसे मांगते हैं। परिवार का कहना है कि अस्पताल में भी उसकी परेशानी को गंभीरता से लेने के बजाय उसे ड्रामा बताकर टाल दिया जाता था।
वेंटिलेटर पर होने के बाद भी पैरों में डली थीं बेड़ियां
हर्षित की मौत के बाद परिजनों ने एक और गंभीर सवाल उठाया है। उनका आरोप है कि अस्पताल में वेंटिलेटर पर रहने के दौरान भी उसके पैरों में बेड़ियां डली हुई थीं। परिवार ने इसे अमानवीय बताते हुए जेल प्रशासन की व्यवस्था पर नाराजगी जताई है। परिजनों का कहना है कि अगर शुरुआती दौर में बीमारी को गंभीरता से लेकर बेहतर उपचार दिया जाता, तो शायद हर्षित की जान बचाई जा सकती थी।
मौत के बाद परिजनों में आक्रोश
हर्षित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों में आक्रोश फैल गया। उनका कहना है कि जेल में बंद व्यक्ति की सुरक्षा और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी प्रशासन की होती है, ऐसे में दो महीने से बीमार युवक को समय पर इलाज क्यों नहीं मिला। मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है।
लगातार चल रहा था इलाज- जेल सुपरिंटेंडेंट
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जेल सुपरिंटेंडेंट मानवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि हर्षित को उल्टी-दस्त की शिकायत थी और जेल में उसका लगातार उपचार किया जा रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि कोर्ट को उसकी तबीयत की जानकारी दी गई थी। परिहार के मुताबिक, यह न्यायिक अभिरक्षा में हुई मौत यानी कस्टोडियल डेथ का मामला है, इसलिए इसकी न्यायिक जांच कराई जाएगी।




















