Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर, 11 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट

छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर दिखने लगा है। रायपुर समेत 11 जिलों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर, 11 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट
छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर दिखने लगा है। राजधानी रायपुर में गुरुवार रात करीब 11 बजे के बाद मौसम ने करवट ली। ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंड बढ़ गई। ठंड से बचने के लिए शहर के कुछ इलाकों में लोग अलाव जलाकर आग तापते नजर आए। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

पेंड्रा में भी सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। कई जगहों पर रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और मौसम ठंडा हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह रायपुर समेत प्रदेश के 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

रायपुर समेत 11 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग के अलर्ट में रायपुर के अलावा बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिले शामिल हैं। इन इलाकों में मौसम बदलने के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

Weather update

बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान, तट से टकराने की आशंका

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ शुक्रवार दोपहर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इसके गोपालपुर के पास तट पार करने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

कई इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

रायपुर में सामान्य से कम रहा तापमान

मौसम विभाग के 19 नवंबर के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा। इस तरह रायपुर में दिन और रात के तापमान के बीच 12.5 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.6 डिग्री और सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts