MP के नए DGP के लिए 3 नाम तय: यूपीएससी ने भेजे वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम, अब सीएम करेंगे फैसला

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस को जल्द ही नया मुखिया मिलने जा रहा है। करीब चार साल तक पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी संभालने वाले कैलाश मकवाना के सेवानिवृत्त होने से पहले नए पुलिस प्रमुख की नियुक्ति की प्रक्रिया निर्णायक चरण में पहुंच गई है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की पैनल कमेटी ने तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों पर मुहर लगा दी है। इनमें वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव शामिल हैं। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन तीनों में से किसी एक अधिकारी को प्रदेश का नया डीजीपी नियुक्त करेंगे। नए पुलिस महानिदेशक एक दिसंबर से कार्यभार संभालेंगे, जबकि वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना 30 नवंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
दिल्ली में हुई चयन समिति की बैठक
नए डीजीपी के चयन के लिए शुक्रवार को दिल्ली स्थित यूपीएससी कार्यालय में एम्पैनलमेंट कमेटी की बैठक हुई। इसमें प्रदेश सरकार की ओर से भेजे गए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों पर निर्धारित मानकों और वरिष्ठता के आधार पर विचार किया गया। समिति ने विचार-विमर्श के बाद तीन अधिकारियों का पैनल तैयार किया है। इस प्रक्रिया में राज्य के मुख्य सचिव, वर्तमान डीजीपी और गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की भी भूमिका रही। अब पैनल राज्य सरकार के पास पहुंचने के बाद नियुक्ति की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सरकार ने भेजे थे 12 अधिकारियों के नाम
डीजीपी चयन के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने वरिष्ठता क्रम में 12 आईपीएस अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजे थे। इनमें वरुण कपूर, उपेंद्र जैन, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, आदर्श कटियार, जी अखेतो सेमा, अनिल कुमार, रवि गुप्ता, अनंत कुमार सिंह, मनमीत नारंग, राजाबाबू सिंह और डीपी गुप्ता शामिल थे। इनमें से जी अखेतो सेमा ने चयन प्रक्रिया से अपना नाम वापस लेने के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा था। इसके बाद शेष अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया। वरिष्ठता और निर्धारित पात्रता के आधार पर अंतिम तीन नाम तय किए गए हैं।
तीनों अधिकारी 1991 बैच के IPS, अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का अनुभव
पैनल में शामिल तीनों अधिकारी 1991 बैच के आईपीएस हैं और वरिष्ठता के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं।
वरुण कपूर: 1991 बैच के मध्यप्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वे पुलिस मुख्यालय, नारकोटिक्स और इंदौर स्थित आरएपीटीसी सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। कपूर अभी डीजी जेल हैं।
उपेंद्र जैन: 1991 बैच के मध्यप्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वे प्रदेश के विभिन्न पुलिस क्षेत्रों में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। जैन वर्तमान में डीजी ईओडब्ल्यू हैं।
प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव: 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। वे पुलिस मुख्यालय में एडीजी सहित विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। प्रज्ञा डीजी होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ हैं।




















