Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छत्तीसगढ नगरीय चुनाव में महापौर की कुर्सी पर घमासान, पूर्व मेयरों और नेताओं के करीबियों ने ठोकी ताल

छत्तीसगढ़ के 17 नगरीय निकायों में चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भिलाई, रिसाली, बीरगांव और भिलाई-चरौदा नगर निगम में महापौर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के कई नेता दावेदारी कर रहे हैं। पूर्व महापौर, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और नेताओं के परिजन भी टिकट की दौड़ में शामिल हैं।
छत्तीसगढ नगरीय चुनाव में महापौर की कुर्सी पर घमासान, पूर्व मेयरों और नेताओं के करीबियों ने ठोकी ताल

रायपुर: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। प्रदेश के चार नगर निगमों समेत 17 नगरीय निकायों में होने वाले चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद अब चुनाव कार्यक्रम की घोषणा का इंतजार है। संभावित तौर पर 1 या 2 दिसंबर को चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है। इस बीच महापौर और अध्यक्ष पद के लिए दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। इस बार चुनावी मुकाबले में पूर्व महापौर, मौजूदा जनप्रतिनिधि, उनकी पत्नियां, पार्टी पदाधिकारी और बड़े नेताओं के करीबी रिश्तेदार तक अपनी किस्मत आजमाने की तैयारी में हैं। भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली और बीरगांव नगर निगमों में महापौर पद को लेकर सबसे ज्यादा राजनीतिक चर्चाएं हैं। भाजपा और कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी और जोहार छत्तीसगढ़ भी चुनावी मैदान में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में हैं।

4 नगर निगमों में महापौर की कुर्सी पर नजर

प्रदेश के चारों नगर निगमों में भिलाई नगर निगम का चुनाव सबसे ज्यादा चर्चा में है। यहां महापौर पद पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों में टिकट के लिए दावेदारों की लंबी फेहरिस्त सामने आ रही है।

भिलाई में कांग्रेस के ये नेता दौड़ में

कांग्रेस की ओर से वर्तमान महापौर नीरज पाल के अलावा जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, निगम सभापति बंटी साहू, जोन अध्यक्ष एवं पार्षद भूपेंद्र यादव और प्रदेश कांग्रेस सचिव अतुलचंद साहू के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं।

/img/129/1795171926784

संबंधित खबर: कांग्रेस में 36 नेताओं की वापसी पर मंथन, जोगी परिवार पर फैसला फिर टला

भाजपा में विधायक रिकेश सेन का नाम सबसे आगे

भाजपा की ओर से वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन का नाम महापौर पद के लिए सबसे ज्यादा चर्चा में है। उनके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पार्षद महेश वर्मा, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा और जिला भाजपा आरटीआई प्रकोष्ठ संयोजक मदन सेन भी दावेदारी की दौड़ में बताए जा रहे हैं।

भिलाई-चरौदा में बघेल परिवार की सियासी परीक्षा

भिलाई नगर निगम के बाद भिलाई-चरौदा नगर निगम भी राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। यह क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भाजपा सांसद विजय बघेल के प्रभाव वाला माना जाता है। ऐसे में यहां महापौर चुनाव को दोनों प्रमुख दलों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई के तौर पर देखा जा रहा है। कांग्रेस की ओर से सुजीत बघेल का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, महापौर पद के लिए उनकी ओर से ही आवेदन दिया गया है। वहीं निगम सभापति कृष्णा चंद्राकर ने स्वास्थ्यगत कारणों से आवेदन नहीं किया है।

/img/129/1795172103423

भाजपा में दिलीप, प्रेमलाल और शशिकांत के नाम

भाजपा में महापौर पद के लिए तीन प्रमुख दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं। इनमें दिलीप पटेल, प्रेमलाल साहू और शशिकांत बघेल शामिल हैं। हालांकि, स्थानीय सामाजिक समीकरण भी टिकट वितरण में अहम भूमिका निभा सकते हैं। बताया जा रहा है कि कुम्हारी और दुर्ग में कुर्मी समाज को प्रतिनिधित्व मिलने के कारण भिलाई-चरौदा में भाजपा किसी दूसरे सामाजिक समीकरण पर विचार कर सकती है। ऐसे में शशिकांत बघेल की दावेदारी प्रभावित होने की चर्चा है।

संबंधित खबर: Raipur: नगरीय निकाय चुनाव में BJP का बड़ा चुनावी प्लान, दिग्गज नेताओं को मिली कमान

रिसाली में महिला दावेदारों के बीच टिकट की जंग

रिसाली नगर निगम में महापौर का पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। यह दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ऐसे में कांग्रेस की टिकट चयन प्रक्रिया में पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की राय को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

/img/129/1795172139581

कांग्रेस से इन महिला नेताओं की दावेदारी

कांग्रेस की ओर से उमरपोटी ब्लॉक कांग्रेस महिला अध्यक्ष हेमिन चतुर्वेदी, समाजसेवी रामेश्वरी गायकवाड़ और डॉ. रामेश्वरी बंजारे के नाम चर्चा में हैं।

भाजपा में कई नाम, अंतिम समय में हो सकता है बड़ा उलटफेर

भाजपा की ओर से सामाजिक कार्यकर्ता पार्वती ढीढी, डॉ. पार्वती कुर्रे, सुनीता कोसरे और सविता महिलांग के नाम सामने आ रहे हैं। इसके अलावा पार्टी अंतिम समय में पद्मश्री उषा बारले या चंदेश्वरी बांधे को उम्मीदवार बनाकर चौंका सकती है। वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से गितेश्वरी बघेल का नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है। अब देखना होगा कि भाजपा और कांग्रेस किस चेहरे पर भरोसा जताती हैं।

संबंधित खबर: CG NEWS: छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव का काउंटडाउन शुरू, 15 निकायों और 2 नई नगर पंचायतों में बजेगा चुनावी बिगुल

बीरगांव में पूर्व महापौरों और उनके परिवारों की दावेदारी

बीरगांव नगर निगम में भी महापौर पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। कांग्रेस की ओर से निवर्तमान महापौर नंदलाल देवांगन की पत्नी लता देवांगन, लोकेश्वरी साहू और पुष्पलता वैष्णव के नाम प्रमुख दावेदारों के रूप में सामने आ रहे हैं। वहीं भाजपा में पूर्व महापौर अंबिका यदु के अलावा सुनीता वर्मा, पदमा चंद्राकर और ओमप्रकाश साहू के नामों की चर्चा है। यहां भी पार्टी के पुराने चेहरों और नए दावेदारों के बीच टिकट को लेकर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।

/img/129/1795172163344

टिकट के ऐलान पर टिकी निगाहें, किसे मिलेगा मौका?

छत्तीसगढ़ के चार नगर निगमों भिलाई, बीरगांव, रिसाली और भिलाई-चरौदा के साथ पांच नगर पालिकाओं और आठ नगर पंचायतों में चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। फिलहाल दावेदारों के नामों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। भाजपा और कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती स्थानीय समीकरण, जातिगत संतुलन, संगठन की पसंद और जीतने की क्षमता के बीच सही उम्मीदवार चुनने की होगी। अब सबकी निगाहें चुनाव कार्यक्रम और प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची पर टिकी हैं।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts