Kartavya Trailer:‘सेक्रेड गेम्स’ के बाद फिर पुलिस ऑफिसर बने सैफ अली खान, ‘कर्तव्य’ का दमदार ट्रेलर रिलीज

ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने सैफ अली खान स्टारर फिल्म कर्तव्य का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। साल की शुरुआत में फिल्म का ऐलान किया गया था और अब इसका पहला दमदार ट्रेलर सामने आने के बाद दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने किया है।
क्राइम और थ्रिल से भरी दिखी कहानी
ट्रेलर की शुरुआत सैफ अली खान के किरदार पवन मलिक से होती है जो कहते हैं धरम करते हैं, कर्म झुकता है। कर्म करते हैं तो धर्म झुकता है। कर्तव्य तक बात ही नहीं पहुंचती है। इसके बाद कहानी एक ऐसी अपराधग्रस्त दुनिया में प्रवेश करती है जहां सही और गलत के बीच की रेखा लगातार धुंधली होती जाती है। ट्रेलर में सस्पेंस, अपराध और इंटेंस ड्रामा का मिश्रण देखने को मिलता है।
पुलिस ऑफिसर के किरदार में लौटे सैफ
सैफ अली खान करीब सात साल बाद फिर से पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आने वाले हैं। इससे पहले उन्होंने सेक्रेड गेम्स में एक पुलिस अफसर की भूमिका निभाकर काफी सराहना बटोरी थी। ‘कर्तव्य’ में उनका अंदाज गंभीर, आक्रामक और रहस्यमयी दिखाई दे रहा है।
दमदार सपोर्टिंग कास्ट भी आई नजर
फिल्म में सैफ के अलावा रसिका दुग्गल, संजय मिश्रा, जाकिर हुसैन और मनीष चौधरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ट्रेलर में सभी किरदारों की झलक कहानी को और ज्यादा रहस्यमयी बनाती है।
पुलकित ने संभाली निर्देशन की कमान
फिल्म का निर्देशन पुलकित ने किया है। मेकर्स ने इसे एक क्राइम थ्रिलर ड्रामा के तौर पर तैयार किया है जिसमें पुलिस सिस्टम, अपराध और नैतिक संघर्ष को प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
15 मई को नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज
कर्तव्य का प्रीमियर 15 मई को नेटफ्लिक्स पर किया जाएगा। ट्रेलर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है और दर्शक अब इसके रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं।
‘सेक्रेड गेम्स’ से बदल गया था OTT का खेल
साल 2018 में आई सेक्रेड गेम्स को भारतीय OTT की सबसे बड़ी और प्रभावशाली सीरीज में गिना जाता है। अनुराग कश्यप और नीरज घायवान के निर्देशन में बनी इस सीरीज में सैफ ने पुलिस अधिकारी सरताज सिंह का किरदार निभाया था। उनके साथ नवाजुद्दीन सिद्दीकी, पंकज त्रिपाठी और कल्कि कोचलिन भी नजर आए थे। राजनीति, अपराध और धर्म जैसे विषयों को जिस बेबाकी से दिखाया गया उसने OTT कंटेंट का स्तर बदल दिया।
‘तांडव’ में दिखाई थी राजनीति की साजिश
इसके बाद सैफ तांडव में नजर आए जो Prime Video पर रिलीज हुई थी। अली अब्बास जफर की इस पॉलिटिकल ड्रामा सीरीज में उन्होंने समर प्रताप सिंह का किरदार निभाया था। सत्ता की राजनीति और कुर्सी की लड़ाई पर आधारित इस सीरीज में सैफ का इंटेंस अंदाज काफी चर्चा में रहा।
ये भी पढ़ें: World Thalassaemia Day : हर साल हजारों बच्चे होते हैं प्रभावित, आखिर क्यों है इतनी गंभीर यह बीमारी?
हॉरर-कॉमेडी में भी आजमा चुके हैं हाथ
सैफ ने सिर्फ गंभीर किरदार ही नहीं, बल्कि हॉरर-कॉमेडी जॉनर में भी खुद को आजमाया। भूत पुलिस में वह अर्जुन कपूर, यामी गौतम और जैकलीन फर्नांडिस के साथ नजर आए थे। फिल्म को भले ही बड़ी सफलता नहीं मिली लेकिन सैफ के कॉमिक टाइमिंग और अलग अंदाज को पसंद किया गया।
ये भी पढ़ें: El Nino Alert..! 2026 में होगा Super El Nino अलर्ट, 9 मई के बाद बदलेगा मौसम, बढ़ेगी भीषण गर्मी आएंगा तूफान
‘ज्वेल थीफ’ और ‘विक्रम वेधा’ में दिखा ग्रे शेड
पिछले साल रिलीज हुई ज्वेल थीफ: द हीस्ट बिगिन्स में सैफ हाई-स्टेक चोरी की कहानी का हिस्सा बने थे। फिल्म में उनके साथ जयदीप अहलावत भी नजर आए। वहीं विक्रम वेधा में उन्होंने ऋतिक रोशन के साथ स्क्रीन शेयर की थी। अच्छाई और बुराई के बीच के धुंधले फर्क पर आधारित इस फिल्म में सैफ के गंभीर अभिनय की काफी सराहना हुई थी।











