सिद्धार्थ-तमन्ना की ‘द वन’ ने पहले दिन कितने कमाए? सामने आया बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, आंकड़े कर देंगे हैरान

सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ शुक्रवार, 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। भारतीय लोककथाओं और रहस्यमयी जंगल की कहानी पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म की कहानी में रहस्य, फैंटेसी और रोमांच का मेल देखने को मिलता है। फिल्म का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है, जो ‘पंचायत’ और ‘परमानेंट रूममेट्स’ जैसे चर्चित शो के लिए जाने जाते हैं। ‘द वन’ के जरिए उन्होंने पहली बार बतौर निर्देशक बॉलीवुड में कदम रखा है।
पहले दिन कितनी हुई कमाई?
फिल्म की ओपनिंग कमाई सामने आ गई है और शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक ‘द वन’ ने पहले दिन भारत में करीब 8 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया है। सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन देशभर में 6,746 शो किए और इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब 9.60 करोड़ रुपए रहा। फिल्म की कमाई को देखते हुए अब नजर शनिवार और रविवार के कारोबार पर है। वीकेंड में दर्शकों की संख्या बढ़ती है या नहीं, इसका सीधा असर फिल्म के आगे के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर देखने को मिल सकता है।
कैसी रही दर्शकों की दिलचस्पी?
‘द वन’ के हिंदी 2D वर्जन ने पहले दिन करीब 28.25 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की। रिपोर्ट के मुताबिक रात के शो में दर्शकों की मौजूदगी सबसे ज्यादा रही। नाइट शो की ऑक्यूपेंसी 41.46 प्रतिशत तक पहुंची। वहीं शाम के शो में 26.08 प्रतिशत, दोपहर में 24 प्रतिशत और सुबह के शो में 12.23 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। आंकड़ों से साफ है कि फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी दिन के मुकाबले शाम और रात के शो में ज्यादा दिखाई दी।
क्या है ‘द वन’ की कहानी?
‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ एक रहस्यमयी सुपरनैचुरल थ्रिलर है। फिल्म में भारतीय लोककथाओं, फैंटेसी और पारिवारिक कहानी को एक साथ जोड़ने की कोशिश की गई है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने ऋषि का किरदार निभाया है। ऋषि शहर में पला-बढ़ा एक समझदार व्यक्ति है, जो अपनी पत्नी ममता के साथ बिहार स्थित अपने पुश्तैनी गांव पहुंचता है। ममता का किरदार तमन्ना भाटिया ने निभाया है। ऋषि गांव अपनी पुश्तैनी जमीन को बेचने के इरादे से आता है। उसका यह सफर छठ पूजा के समय शुरू होता है, लेकिन गांव पहुंचने के बाद परिस्थितियां धीरे-धीरे बदलने लगती हैं।
बॉक्स ऑफिस पर ‘दायरा’ और ‘वाइब’ की टक्कर, दूसरे दिन किस फिल्म ने मारी बाजी?
रहस्यमयी जंगल ने बदली पूरी कहानी
गांव में एक ऐसे जंगल को लेकर कई पुरानी मान्यताएं हैं, जिसे लेकर स्थानीय लोग बेहद सतर्क रहते हैं। ग्रामीणों का मानना है कि सूरज डूबने के बाद इस जंगल में जाना खतरे से खाली नहीं है। इसलिए लोगों को वहां जाने से सख्त मना किया जाता है। शुरुआत में ऋषि इन बातों और मान्यताओं को गंभीरता से नहीं लेता। लेकिन जैसे-जैसे वह जंगल से जुड़े रहस्यों के करीब पहुंचता है, उसकी सोच बदलने लगती है। इसी दौरान वह सुनील ग्रोवर के किरदार दीपक के संपर्क में आता है और कहानी एक नए मोड़ पर पहुंचती है।
फिल्म को मिली कैसी प्रतिक्रिया?
‘द वन’ को रिलीज के बाद दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। कुछ दर्शकों को फिल्म का लोककथा और रहस्य वाला अंदाज पसंद आया, जबकि कुछ लोगों ने कहानी की रफ्तार और उसके बड़े विचारों को लेकर सवाल उठाए हैं। फिल्म को इंडिया टीवी ने 5 में से 3 स्टार दिए हैं। अब आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई यह तय करेगी कि शुरुआती बॉक्स ऑफिस शुरुआत आगे कितनी मजबूत होती है। फिलहाल सभी की नजर वीकेंड कलेक्शन पर टिकी है।



















