रामायण में दिखा ‘चश्माधारी वानर’! तस्वीर वायरल होते ही इंटरनेट पर मचा हंगामा, लोगों ने कहा- ये तो हद हो गई...

अंजलि अरोड़ा और देव शर्मा स्टारर फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' रिलीज के साथ ही चर्चा में आ गई है। 25 सितंबर को सिनेमाघरों में पहुंची इस फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी बज बना हुआ था, लेकिन अब फिल्म एक ऐसी तस्वीर को लेकर सुर्खियों में है, जिसे देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरान रह गए। दरअसल, फिल्म की एक वायरल तस्वीर में सुग्रीव की वानर सेना के एक वानर की आंखों पर चश्मा नजर आ रहा है। तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह के सवाल और मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई।
पोस्टर में दिखा चश्मा पहने वानर
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में सुग्रीव के साथ वानर सेना दिखाई दे रही है। इसी तस्वीर में एक वानर चश्मा पहने नजर आ रहा है। बस फिर क्या था, दर्शकों की नजर इस चश्मे पर टिक गई। लोगों ने तस्वीर को शेयर करते हुए फिल्म के मेकर्स से सवाल करना शुरू कर दिया कि आखिर त्रेता युग की कहानी में आधुनिक जमाने का चश्मा कैसे पहुंच गया? फिल्म से जुड़ी इस तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। कुछ यूजर्स इसे मेकर्स की गलती बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे लेकर मजेदार मीम्स और कमेंट्स कर रहे हैं। हालांकि, वायरल तस्वीर के संदर्भ में मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक सफाई सामने नहीं आई है।

‘डाइट पर हूं, आप खा लो’… रणबीर कपूर ने प्रसाद लेने से किया इनकार, लोगों ने पूछा- ‘ये कैसा राम?’
'क्या त्रेता युग में भी लोग चश्मा लगाते थे?'
तस्वीर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने फिल्म को लेकर मजेदार सवाल खड़े कर दिए। एक यूजर ने लिखा कि क्या त्रेता युग में भी लोग चश्मा लगाते थे? वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि उसने पहली बार त्रेता युग में चश्मा देखा है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि पहले उसे लगा कि शायद उसकी नजर का धोखा है, लेकिन बाद में पता चला कि बाकी लोग भी तस्वीर में वही चीज देख रहे हैं। एक और यूजर ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि आखिर यह वानर टाइम ट्रैवल करके त्रेता युग में कैसे पहुंच गया? इन कमेंट्स से साफ है कि फिल्म की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर दर्शकों के लिए चर्चा और मनोरंजन का नया विषय बन गई है।

अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग पर भी उठे थे सवाल
वैसे यह पहली बार नहीं है जब 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठे हों। फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसकी कास्टिंग को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी। खास तौर पर सीता के किरदार में अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग पर कुछ दर्शकों ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद फिल्म के टीजर और वीएफएक्स को लेकर भी सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। फिल्म की प्रोडक्शन क्वालिटी को लेकर भी कुछ दर्शकों ने सवाल उठाए थे।
टीजर में मंत्र को लेकर भी हुई थी चर्चा
फिल्म के टीजर के सामने आने के बाद भी एक हिस्से को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा हुई थी। टीजर में 'कृष्णाय वासुदेवाय हरये...' मंत्र सुनाई देने पर कुछ दर्शकों ने सवाल उठाया था कि रामायण की कथा में भगवान कृष्ण से जुड़ा मंत्र कैसे इस्तेमाल किया गया। रामायण की पारंपरिक कथा त्रेतायुग से जुड़ी है, जबकि भगवान कृष्ण की कथा द्वापरयुग से संबंधित है। इसी वजह से कुछ दर्शकों ने फिल्म के निर्माताओं से इस प्रयोग को लेकर सवाल किए थे।
‘रामायण’ के ‘जय जय राम’ का चला जादू, सिद्धार्थ आनंद बोले- इसे बार-बार सुनने का मन कर रहा
रिलीज के बाद फिर चर्चा में आई फिल्म
अब चश्मा पहने वानर की वायरल तस्वीर ने फिल्म को एक बार फिर सोशल मीडिया की चर्चा में ला दिया है। फिल्म की कहानी और अभिनय के साथ-साथ अब दर्शकों की नजर इसके पोस्टर और विजुअल्स पर भी बनी हुई है। हालांकि, वायरल तस्वीर में दिख रहे चश्मे को लेकर यह स्पष्ट नहीं है कि यह जानबूझकर किया गया रचनात्मक प्रयोग है या प्रोडक्शन स्तर पर हुई गलती। फिलहाल सोशल मीडिया पर यूजर्स अपने-अपने अंदाज में इस तस्वीर पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और फिल्म के मेकर्स से सवाल पूछ रहे हैं।



















