Pehla Pyaar Doosri Baar: लाइव म्यूजिक और सितारों की महफिल में लॉन्च हुआ ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का पूरा एल्बम

फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का पूरा म्यूजिक एल्बम रिलीज हो गया है। एक खास म्यूजिकल इवनिंग में फिल्म के सभी गानों को लॉन्च किया गया। इसके बाद एल्बम के सभी गाने यूट्यूब और प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों और इंडस्ट्री से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब मेकर्स ने पूरा म्यूजिक एल्बम भी सामने ला दिया है।
8 गानों से सजा है एल्बम
‘पहला प्यार दूसरी बार’ के म्यूजिक एल्बम में कुल 8 गाने हैं। इनमें 7 गानों का संगीत रोचक कोहली ने दिया है, जबकि एक गाना तनिष्क बागची ने कंपोज किया है। गानों के बोल कुमार, गुरप्रीत सैनी और राज शेखर ने लिखे हैं। एल्बम में रोमांस, दोस्ती, सफर, पुरानी यादें, डांस और रिश्तों से जुड़े अलग-अलग रंग देखने को मिलते हैं।

दर्शन, जुबिन और फहीम ने दी लाइव परफॉर्मेंस
एल्बम लॉन्च के दौरान संगीतकार रोचक कोहली ने लाइव अकॉस्टिक परफॉर्मेंस दी। उनके साथ दर्शन रावल, जुबिन नौटियाल, फहीम अब्दुल्लाह और आदित्य रिखारी ने भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा। गीतकार कुमार, गुरप्रीत सैनी और राज शेखर भी इस खास शाम का हिस्सा बने। लाइव म्यूजिक और कलाकारों की मौजूदगी ने पूरे इवेंट को यादगार बना दिया।
सुनिधि चौहान ने दिया सरप्राइज
म्यूजिक लॉन्च इवेंट में सिंगर सुनिधि चौहान भी पहुंचीं। उन्होंने अचानक खास परफॉर्मेंस देकर सभी को सरप्राइज कर दिया। उनकी प्रस्तुति के बाद इवेंट का माहौल और भी शानदार हो गया।
पूरी कास्ट रही मौजूद
इस खास मौके पर फिल्म की पूरी कास्ट भी नजर आई। इसमें स्पर्श वालिया, अलीशा चोपड़ा, कुणाल वैद, साक्षी वैद्या, तुषार छिब्बर और सरगुन कौर लूथरा शामिल हैं। एल्बम के गाने फिल्म की युवा, रोमांटिक, मस्ती भरी और भावनात्मक दुनिया की झलक देते हैं। अलग-अलग मूड के ये गाने कहानी के रिश्तों और किरदारों से जुड़े कई रंग सामने लाते हैं।

एल्बम में कौन-कौन से गाने?
फिल्म के एल्बम में ‘प्यार मांगा है तुम्हीं से’, ‘पुराने दिन’, ‘जाने किस मोड़ पे’, ‘चांद’, ‘साले दिल’, ‘कमाल’, ‘चांद (अनप्लग्ड)’ और ‘जुल्मी’ शामिल हैं। इन गानों में जुबिन नौटियाल, अरिजीत सिंह, दर्शन रावल, श्रेया जैन, फहीम अब्दुल्लाह, आदित्य रिखारी, रोचक कोहली और हीर जैसे कलाकारों की आवाज सुनने को मिलेगी।
23 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
लव फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का निर्देशन अनुज सैनी ने किया है। फिल्म के निर्माता लव रंजन और अंकुर गर्ग हैं। फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का म्यूजिक टी-सीरीज म्यूजिक पर उपलब्ध है।




















