फातिमा ने सलमान खान से कही दिल की बात, ‘सर, मैं कुछ कहना चाहती हूं...’ सुनकर चौंक गए बिग बॉस के दर्शक!

मुंबई। सलमान खान के होस्ट किए जाने वाले रियलिटी शो बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार का नया प्रोमो सामने आया है। रविवार के एपिसोड में शो के मंच पर बॉलीवुड के कई सितारे नजर आने वाले हैं। इनमें अजय देवगन, जयदीप अहलावत, रघुवीर यादव, जीशान अयूब और फातिमा सना शेख शामिल हैं। सभी सितारे शो में अपनी आगामी वेब सीरीज 'हुंकार- द रोर' को प्रमोट करने पहुंचे। प्रोमो में सलमान खान के साथ सितारों की बातचीत और मस्ती देखने को मिल रही है। वहीं फातिमा सना शेख ने बातचीत के दौरान सलमान खान की एक खास बात की तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के मुद्दे पर सलमान के खुलकर बोलने को महत्वपूर्ण बताया।
फातिमा ने सलमान से पहले बोलने की मांगी इजाजत
प्रोमो में सलमान खान मंच पर रघुवीर यादव, जीशान अयूब और फातिमा सना शेख का स्वागत करते नजर आते हैं। इसके बाद बातचीत शुरू होने से पहले फातिमा सलमान से कुछ कहने की इजाजत मांगती हैं। सलमान के हामी भरने के बाद फातिमा उनकी तारीफ करती हैं। वह कहती हैं कि सलमान जिस मुकाम और पोजिशन पर हैं, वहां से किसी मुद्दे पर खुलकर बात करना अपने आप में बड़ी बात है। फातिमा के मुताबिक, जब कोई बड़ी हस्ती किसी जरूरी विषय पर आवाज उठाती है तो उसका लोगों पर भी असर पड़ता है। फातिमा की बात सुनकर सलमान भी उनकी ओर देखते हुए नजर आते हैं। प्रोमो में दोनों के बीच हुई यह बातचीत काफी खास दिखाई गई है।
बिग बॉस 20 में रोए अमन गांधी, बोले- 'मूव ऑन…' माही विज ने संभाला, जानें क्या है वजह
सलमान ने ट्रोलिंग के मुद्दे पर उठाई थी आवाज
दरअसल, इससे पहले बिग बॉस 20 के एक वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर अपनी बात रखी थी। उन्होंने सेलेब्रिटीज को सोशल मीडिया पर निशाना बनाए जाने के मुद्दे पर चर्चा की थी। सलमान ने कहा था कि सोशल मीडिया पर लोगों को किसी के बारे में कुछ भी लिखने से पहले यह सोचना चाहिए कि सामने वाला व्यक्ति भी इंसान है। उन्होंने कलाकारों की निजी जिंदगी और उनके शरीर को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों का भी मुद्दा उठाया।
अभिनेत्रियों को ट्रोल करने पर भी हुई थी चर्चा
सलमान ने अपने लुक और अपीयरेंस से लेकर कई दूसरे कलाकारों को लेकर होने वाली ऑनलाइन टिप्पणियों का जिक्र किया था। उन्होंने कटरीना कैफ, वरुण धवन समेत दूसरे सितारों से जुड़े मामलों की भी बात की। इसके साथ ही सलमान ने उन अभिनेत्रियों की निजता का मुद्दा भी उठाया, जिनकी तस्वीरें या वीडियो कई बार पीछे से खींचकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए जाते हैं। उन्होंने इस तरह की तस्वीरों और वीडियो को लेकर भी सवाल उठाया था।
बिग बॉस 20 में भावुक हुईं मैरी कॉम, रोते-रोते बताया अपना दर्द; फिर अरिश्फा-आम्रपाली में छिड़ी जंग
'हुंकार- द रोर' के प्रमोशन के लिए पहुंचे सितारे
वीकेंड का वार के इस एपिसोड में रघुवीर यादव, जीशान अयूब और फातिमा सना शेख अपनी वेब सीरीज 'हुंकार- द रोर' के प्रमोशन के लिए पहुंचे हैं। वहीं अजय देवगन और जयदीप अहलावत भी शो के मंच पर नजर आएंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि रविवार के एपिसोड में सलमान और इन सितारों के बीच और क्या बातचीत होती है और घरवालों के साथ मंच पर कौन-कौन से मजेदार पल देखने को मिलते हैं।



















