सागर में जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर! पैर में लगी गोली; साथी भी घायल

सागर में जहरीली शराब से 20 लोगों की मौत के मामले में वांटेड 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी के पास हुई इस मुठभेड़ में मनीष के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी आशीष साहू भी घायल हो गया।
सागर में जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर! पैर में लगी गोली; साथी भी घायल
सागर शराबकांड मामले में वांटेड था मनीष लोधी, पुलिस से भिड़ा तो पैर में लगी गोली

सागर। मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब से 20 लोगों की मौत के मामले में वांटेड चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बुधवार, 23 सितंबर 2026 को पुलिस टीम बदमाश की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी के पास पुलिस और आरोपियों का आमना-सामना हो गया। पुलिस के अनुसार, मनीष लोधी और उसके साथी आशीष साहू ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान मनीष के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। वहीं, पुलिस से बचकर भागने की कोशिश कर रहा उसका साथी आशीष साहू भी घायल हो गया।

30 हजार का इनामी था मनीष लोधी

मनीष लोधी को सागर के थाना बड़ा और विनायका क्षेत्र में सामने आए जहरीली शराब मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। इस मामले में जहरीली शराब पीने से 20 लोगों की मौत हुई थी। मामले के बाद से पुलिस मनीष लोधी की तलाश कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उस पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

नोनिया-सेसई रोड पर हुआ पुलिस से सामना

23 की दरमियानी करीबन 3 बजे पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी के पास पुलिस का सामना मनीष लोधी और उसके साथी आशीष साहू से हो गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने अपनी सुरक्षा में जवाबी फायरिंग की। फायरिंग के दौरान मनीष के पैर में गोली लगी। वहीं, आशीष साहू ने मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, भागते समय वह भी घायल हो गया।

Breaking News

मौके से दो देशी कट्टे और पांच राउंड बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके की तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टे, पांच खाली कारतूस और एक बेसबॉल का डंडा बरामद किया गया है। पुलिस ने हथियार और अन्य सामान को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

दोनों आरोपियों को अस्पताल भेजा गया

मुठभेड़ में घायल मनीष लोधी और आशीष साहू को पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। दोनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल की जांच के साथ ही हथियारों और अन्य सबूतों को भी सुरक्षित किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

जहरीली शराब मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी

सागर के जहरीली शराब मामले में 20 लोगों की मौत के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। मनीष लोधी को इस मामले का मुख्य आरोपी बताया गया है। फिलहाल पुलिस मुठभेड़ के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कहां से हथियार लेकर आए थे और जहरीली शराब मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts