Narmadapuram Regional Industry Conclave : CM बोले- मोहासा में 18,000 करोड़ का निवेश, 24,000 युवाओं को रोजगार

नर्मदापुरम। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नर्मदापुरम में 6वीं रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव का शुभारंभ किया। उन्होंने नर्मदापुरम को औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धियों का ऐलान किया है। औद्योगिक क्षेत्र मोहासा में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने 18,000 करोड़ रुपए के निवेश और 24,000 से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने विद्युत एवं नवीकरणीय ऊर्जा उपकरण निर्माण से जुड़ी 20 औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन और भूमि आवंटन पत्रों का वितरण किया।
नर्मदापुरम में 6वीं कॉन्क्लेव में शामिल होने के लिए 4 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए। इनमें 3 हजार एमएसएमई प्रतिनिधि, 75 प्रमुख निवेशक और कनाडा, वियतनाम, नीदरलैंड, मेक्सिको और मलेशिया जैसे पांच देशों के अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल हैं।
नर्मदापुरम का औद्योगिक केंद्र बनेगा मोहासा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र मोहासा समूचे नर्मदापुरम के विकास का केंद्र बनेगा। सतपुड़ा के इस क्षेत्र में अब तक 884 एकड़ भूमि औद्योगिक पार्क के लिए विकसित की गई है। यहां सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन, लिथियम आयन बैटरी और अन्य नवीकरणीय ऊर्जा उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। सीएम ने कहा- "नर्मदापुरम की ईमानदार और कर्मठ जनता इस औद्योगिक विकास की धुरी बनेगी। अब यहां से रोजगार के लिए होने वाला पलायन रुकेगा और स्थानीय युवाओं को उनके घर के पास ही रोजगार मिलेगा।"नवीकरणीय ऊर्जा में ऐतिहासिक कदम
20 औद्योगिक इकाइयों को भूमि आवंटन पत्र प्रदान किए गए। इन इकाइयों में ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, लैंड्स मिल ग्रीन इंडस्ट्री, और सात्विक सोलर इंडस्ट्री शामिल हैं। ये कंपनियां सौर ऊर्जा से जुड़े उपकरणों के साथ-साथ ग्रीन हाइड्रोजन और पल्स एनर्जी के क्षेत्र में काम करेंगी।
निवेशकों को भूमि आवंटन-पत्र किए वितरित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मोहासा-बाबई औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत एवं नवीकरणीय ऊर्जा उपकरण विनिर्माण क्षेत्र में इकाइयों के भूमिपूजन एवं भूमि आवंटन पत्र वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वहीं मुख्यमंत्री ने मोहासा-बाबई में आयोजित नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के भूमिपूजन के अवसर पर निवेशकों को भूमि आवंटन के आशय पत्र प्रदान कर बधाई व शुभकामनाएं दीं।












