Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राजा रघुवंशी मर्डर केस : विपिन रघुवंशी बोले- ऐसे अपराधियों का एनकाउंटर ही कर देना चाहिए, आरोपियों की पुलिस रिमांड बढ़ने की संभावना

Follow on Google News
राजा रघुवंशी मर्डर केस : विपिन रघुवंशी बोले- ऐसे अपराधियों का एनकाउंटर ही कर देना चाहिए, आरोपियों की पुलिस रिमांड बढ़ने की संभावना
इंदौर। ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में हर दिन नए मोड़ सामने आ रहे हैं। गुरुवार को इस केस से जुड़े सोनम रघुवंशी समेत पांचों आरोपियों को शिलांग पुलिस कोर्ट में पेश करने जा रही है। यह पेशी 18 जून तक मिली पुलिस रिमांड की मियाद खत्म होने के बाद हो रही है। माना जा रहा है कि पुलिस रिमांड को आगे बढ़ाने की मांग कर सकती है, क्योंकि अभी कई सवाल अनसुलझे हैं।

मृतक के भाई ने जताई नाराजगी

इधर, मृतक राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने पीपुल्स अपडेट से बातचीत में अपना आक्रोश जाहिर करते हुए कहा कि जब सभी आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है तो उन्हें कोर्ट तक ले जाकर प्रक्रिया में समय गंवाने के बजाय सीधा एनकाउंटर कर देना चाहिए। विपिन ने कहा कि यह समाज के लिए एक मिसाल बनेगी, खासकर उन युवतियों के लिए जो विवाह के बाद अवैध संबंधों में लिप्त होती हैं और पति की हत्या जैसे अपराध को अंजाम देती हैं।

‘शादी के बाद पति की हत्या… ऐसे मामलों में सख्त मिसाल जरूरी’

विपिन रघुवंशी ने कहा कि सोनम की ओर से अब तक हत्या की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस की अब तक की जांच में संजय वर्मा और राज समेत अन्य आरोपियों की भूमिका और सोनम की कॉल डिटेल्स से जुड़ी जानकारियां उजागर हुई हैं, लेकिन हत्या के पीछे की मानसिकता या कोई ठोस कारण अभी भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। विपिन बोले- सोनम को इंदौर लाया गया तो हम सिर्फ एक सवाल पूछेंगे- ‘तुमने राजा को क्यों मारा?’ क्या किसी और से रिश्ता ही इसकी वजह था? अगर बदला लेना ही था तो राजा की जान क्यों ली?'

एसआईटी पर भी उठाए सवाल

विपिन ने एसआईटी की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सिर्फ सोनम पर फोकस किया है और उससे जुड़े अन्य पहलुओं पर गंभीरता से काम नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ रिमांड लेने से कुछ नहीं होगा, जब तक सोनम यह नहीं बताती कि उसने अपने पति को क्यों मारा, तब तक यह जांच अधूरी है।

रीक्रिएशन से जुड़े सवाल, पुलिस फिर मांगेगी रिमांड

बता दें कि शिलांग पुलिस ने बीते दिनों केस के सभी पांचों आरोपियों से वारदात का क्राइम सीन रिक्रिएशन कराया था, लेकिन सूत्रों के अनुसार कुछ बिंदुओं पर अभी भी स्पष्टता नहीं मिल पाई है। यही कारण है कि पुलिस कोर्ट से आरोपियों की रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग कर सकती है।

इंदौर में दो दिन तक हुई पूछताछ

इस मामले में शिलांग पुलिस की एक टीम इंदौर पहुंची थी, जहां उसने मृतक राजा रघुवंशी, उसकी पत्नी सोनम और संजय वर्मा के परिजनों से विस्तार से पूछताछ की। कॉल डिटेल, पुराने आपसी संबंधों, वित्तीय लेन-देन और घरेलू विवाद जैसे बिंदुओं पर जानकारी जुटाई गई। (इनपुट-हेमंत नागले)
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts