Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राजा रघुवंशी हत्याकांड : सोनम के घर पहुंची शिलांग पुलिस, परिजनों से की पूछताछ, इससे पहले राजा के घर भी गए थे अधिकारी

Follow on Google News
राजा रघुवंशी हत्याकांड : सोनम के घर पहुंची शिलांग पुलिस, परिजनों से की पूछताछ, इससे पहले राजा के घर भी गए थे अधिकारी
इंदौर। राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच कर रही शिलांग पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनम के घर और उस फ्लैट की तलाशी ली, जहां वह शादी के बाद रुकी थी। पुलिस को शक है कि राजा की हत्या की साजिश शादी से करीब एक महीने पहले ही रची जा चुकी थी।

सोनम के परिजनों से पूछताछ

तीन सदस्यीय शिलांग पुलिस की टीम इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र स्थित सोनम के घर पहुंची, जहां उन्होंने उसके परिजनों से पूछताछ की। पुलिस की यह वही टीम है, जिसने सोमवार को राजा रघुवंशी के घर जाकर पूछताछ की थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजा और सोनम की शादी से पहले ही सोनम, उसके प्रेमी राज, और सहयोगी विशाल ने मिलकर हत्या की योजना बना ली थी। इसकी पुष्टि उस समय हुई जब एक स्थानीय रेस्टोरेंट संचालक ने बताया कि अप्रैल में ये तीनों एक साथ उनके रेस्टोरेंट में आए थे। हालांकि, उन्होंने बातचीत की जानकारी या कोई रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं होने की बात कही।

30 मई से 8 जून तक सोनम यहां रुकी थी

मेघालय पुलिस की SIT टीम ने इंदौर के देवास नाका क्षेत्र में उस फ्लैट की तलाशी ली जहां सोनम शादी के बाद 30 मई से 8 जून तक रुकी थी। फ्लैट के मालिक शिलोम जेम्स ने तलाशी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने फ्लैट के हर कोने की जांच की। इस तलाशी के दौरान इंदौर क्राइम ब्रांच भी साथ रही। राजा के भाई सचिन रघुवंशी मौके पर मौजूद थे लेकिन उन्हें फ्लैट के अंदर जाने नहीं दिया गया। उनके अनुसार, पुलिस ने क्या बरामद किया है, इसकी कोई जानकारी परिजनों को नहीं दी गई।

शादी से पहले हत्या का प्लान

सूत्रों के मुताबिक, राजा और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी। शादी से करीब 15 दिन पहले ही सोनम ने अपने प्रेमी राज के साथ मिलकर राजा को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। उनका प्लान था कि राजा की हत्या के बाद वे दोनों शादी कर लेंगे।

राजा के घर पहुंची टीम, व्यवहार की ली जानकारी

शिलांग पुलिस ने राजा रघुवंशी के परिजनों से भी पूछताछ की। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने बताया कि पुलिस ने सामान्य पूछताछ की और जानना चाहा कि सोनम शादी के बाद चार दिन तक उनके घर में कैसे रही, उसका व्यवहार कैसा था। इस दौरान राजा की मां और भाई सचिन भी मौजूद थे।

क्या मिला सुराग?

फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से यह नहीं बताया गया है कि तलाशी के दौरान कोई सबूत मिला या नहीं। लेकिन लगातार हो रही छापेमारी से साफ है कि मेघालय पुलिस सोनम, राज और विशाल के बीच की गतिविधियों को लिंक करने में जुटी है। यह मामला अब अंतरराज्यीय जांच का विषय बन चुका है, जिसमें इंदौर और शिलांग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई जारी है। अगले कुछ दिनों में इस हत्याकांड से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts