सिवनी में NH-44 पर भीषण हादसा, ट्राले में पीछे से घुसी यात्री बस; 6 से ज्यादा घायल

मध्य प्रदेश के सिवनी में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। छपारा थाना क्षेत्र के रणधीर नगर के पास बेंगलुरू से नेपाल जा रही यात्री बस आगे चल रहे ट्राले में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 6 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जबकि बस चालक और परिचालक को गंभीर चोटें आई हैं।
नींद में थे यात्री, अचानक मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ। उस समय बस में सवार अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक बस के ट्राले से टकराते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग की आपातकालीन सहायता सेवा 1033 की मदद से घायलों को जिला अस्पताल सिवनी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, अन्य यात्रियों को भी सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया।
नागपुर से जबलपुर की ओर जा रहे थे दोनों वाहन
बताया जा रहा है कि बस और ट्राला दोनों नागपुर से जबलपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस आगे चल रहे ट्राले के पिछले हिस्से से टकरा गई। फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। सूचना मिलने पर छपारा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।




















