‘विदिशा की गैंगरेप पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए, दरिंदे छोड़े नहीं जाएं’ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने पुलिस अफसरों को दिए तत्काल FIR के निर्देश

भोपाल। विदिशा के गैंगरेप के गंभीर मामले में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के हस्तक्षेप के बाद पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिवराज ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रकरण में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए तत्काल प्रभाव से जरूरी कदम उठाए जाएं।
तत्काल एफआईआर और निष्पक्ष जांच के निर्देश
शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले में बिना देरी एफआईआर दर्ज की जाए और जांच निष्पक्षता के साथ तेजी से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। जांच के दौरान किसी भी स्तर पर दबाव या पक्षपात की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
ये भी पढ़ें: गुटखा थूकने छज्जे पर गया बुजुर्ग, 11 KV बिजली लाइन की चपेट में आते ही मौत! इलाके में मचा हड़कंप
एफआईआर में देरी करने वालों की तय होगी जवाबदेही
मामले में एफआईआर दर्ज करने में हुई देरी को लेकर भी केंद्रीय मंत्री ने नाराजगी जताई है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि जिन जिम्मेदार लोगों ने कार्रवाई में लापरवाही बरती है, उनकी जवाबदेही तय की जाए। ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उनका स्पष्ट संदेश है कि पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई में देरी करने वालों को भी जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।
पीड़िता को न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाना सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस संवेदनशील मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्रीय मंत्री के निर्देशों के बाद अब विदिशा पुलिस की जांच और कार्रवाई पर नजर रहेगी। साथ ही यह भी महत्वपूर्ण होगा कि एफआईआर में देरी के लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है और पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में पुलिस कितनी तेजी से कदम उठाती है।
ये भी पढ़ें: खाईखेड़ा से एक ही परिवार के 3 सदस्य लापता: दांगी समाज का पैदल मार्च, पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम
यह है मामला
विदिशा में 14 नवंबर को एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की हालत एक लड़कों के पीजी फ्लैट में बिगड़ गई। लड़की के निजी अंगों से अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। कुछ युवक उसे एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले गए। आरोप है कि फ्लैट के बाहर कूड़ेदान में पीड़िता के कपड़े मिले और सबूत मिटाने की कोशिश हुई। मामले में गैंगरेप की आशंका जताई गई है।




















