रायसेन कृषि मंडी में सनसनीखेज लूट, अकाउंटेंट को बंधक बनाकर ईंट से किया हमला; एक आंख को गंभीर नुकसान

रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन की कृषि उपज मंडी में बदमाशों ने देर रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गल्ला व्यापारी की फर्म में घुसे बदमाशों ने वहां सो रहे अकाउंटेंट पदम सिंह को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने ईंट से उनके सिर और चेहरे पर कई वार किए और नकदी लूटकर फरार हो गए। हमले में अकाउंटेंट की एक आंख को गंभीर नुकसान पहुंचा है। उनकी हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है।
सुबह फर्म पहुंचे व्यापारी तो खून से लथपथ मिले अकाउंटेंट
व्यापारी मनोज राठौर के मुताबिक, अकाउंटेंट पदम सिंह रोजाना की तरह मंडी परिसर स्थित फर्म में ही सो रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे जब वे फर्म पहुंचे तो काफी देर तक आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अंदर जाकर देखा तो पदम सिंह खून से लथपथ हालत में पड़े थे। उनके सिर और आंख पर गंभीर चोटें थीं। कमरे में भी खून फैला हुआ था। व्यापारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।
दीवार फांदकर घुसे बदमाश, कांच तोड़कर कमरे तक पहुंचे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश दीवार फांदकर फर्म परिसर में दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने कांच तोड़कर उस कमरे तक पहुंच बनाई, जहां अकाउंटेंट नकदी के साथ सो रहे थे। आरोपियों ने पदम सिंह को बंधक बनाया और ईंट से सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। हमले में अकाउंटेंट की एक आंख को गंभीर चोट पहुंची है।
प्रभारी एसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी एसपी दीपक नायक, एसडीओपी आकांक्षा तलैया सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपियों के आने-जाने के तरीके और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
मंडी में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कृषि उपज मंडी जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में हुई इस वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फर्म में सो रहे कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर नकदी लूटने की घटना से मंडी के व्यापारियों में दहशत है। अब सवाल उठ रहे हैं कि मंडी परिसर में रात के समय सुरक्षा के क्या इंतजाम हैं और बदमाश इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर कैसे फरार हो गए। पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की चुनौती है।




















