Raipur:रायपुर में महिला की रेप के बाद हत्या, शव से भी दुष्कर्म की कोशिश का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर: राजधानी रायपुर में महिला की रेप के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मुजगहन थाना क्षेत्र में 21 जुलाई को पानी भरे प्लॉट से मिले महिला के शव की जांच के बाद पुलिस ने 29 वर्षीय देवेन्द्र कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी अकेली महिलाओं का साइकिल से पीछा करता था और सुनसान जगह पर उन्हें निशाना बनाता था। पूछताछ में आरोपी ने महिला से दुष्कर्म और हत्या की बात स्वीकार की है। जांच में 5 अगस्त को दूसरी महिला से मारपीट का मामला भी आरोपी से जुड़ने की बात सामने आई है।
रायपुर में सनसनीखेज वारदात का खुलासा
रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में महिला की रेप के बाद हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने 29 वर्षीय देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस का दावा है कि आरोपी अकेली महिलाओं को देखकर उनका पीछा करता था और सुनसान जगह मिलने पर उन्हें निशाना बनाता था।
21 जुलाई को मिला था महिला का शव
यह मामला 21 जुलाई 2026 का है। न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लॉट में भरे पानी के बीच महिला का शव मिला था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। महिला के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान मिले थे। पुलिस के अनुसार महिला बोरियाकला की रहने वाली थी और पास की एक सोसाइटी में खाना बनाने का काम करती थी। 21 जुलाई की सुबह वह काम के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। तलाश के दौरान झाड़ियों के पीछे पानी भरी जमीन में उसका शव मिला।
यह भी पढ़ें: Raipur: भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ का दबदबा,रूप कुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के को बड़ी जिम्मेदारी
8 से ज्यादा पुलिस टीमों ने खंगाले सैकड़ों CCTV
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए 8 से ज्यादा टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास के इलाकों और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस ने पुराने अपराधों में शामिल आरोपियों और महिला अपराध से जुड़े मामलों की जानकारी भी जुटाई। इसी दौरान देवेन्द्र कुमार साहू के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

साइकिल से करता था महिलाओं का पीछा
पुलिस के मुताबिक आरोपी अकेली महिलाओं को देखकर साइकिल से उनका पीछा करता था। 21 जुलाई को भी उसने महिला का पीछा किया और सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद उसे पकड़ लिया। पुलिस की पूछताछ के अनुसार आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद गला दबाने और पानी में मुंह-नाक डुबोने से उसकी मौत हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने शव के साथ भी दुष्कर्म करने की कोशिश की और महिला का मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: Korba: दोस्तों से लगी शर्त, बांगो डैम में कूदा युवक,48 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग
5 अगस्त को दूसरी महिला से भी मारपीट
जांच में आरोपी से जुड़ी एक दूसरी घटना भी सामने आई। पुलिस के अनुसार 5 अगस्त की रात सेजबहार इलाके में एक महिला घर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके पीछे पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।आरोप है कि आरोपी ने महिला को नाली में गिराकर उसके साथ मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के पहुंचने की आशंका से आरोपी मौके से भाग गया।
2017 में भी पॉक्सो मामले में जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वर्ष 2017 में वह दुष्कर्म से जुड़े एक पॉक्सो मामले में जेल जा चुका है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में उसे 10 साल की सजा सुनाई गई थी। पुलिस अब आरोपी के पुराने मामलों और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं उसने इसी तरह की अन्य वारदातों को तो अंजाम नहीं दिया।
यह भी पढ़ें: Balrampur: पति को बचाने तालाब में कूदी पत्नी, दोनों की दर्दनाक मौत
पुलिस करा रही मानसिक स्थिति की जांच
पुलिस के अनुसार शुरुआती पूछताछ में आरोपी में यौन अपराध से जुड़ी विकृत प्रवृत्तियों के संकेत मिलने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच करा रही है। हालांकि किसी मानसिक विकार या चिकित्सकीय निदान की अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही होगी।












