Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गोहद में नाबालिग का पीछा करने, शादी का दबाव बनाने वाले आरोपी को 3 साल की सजा, 2 हजार रुपए जुर्माना

भिण्ड के गोहद में 14 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ के मामले में मोसिम खान को 3 साल का सश्रम कारावास हुआ। पॉक्सो कोर्ट ने 2 हजार रुपए जुर्माना भी लगाया।
गोहद में नाबालिग का पीछा करने, शादी का दबाव बनाने वाले आरोपी को 3 साल की सजा, 2 हजार रुपए जुर्माना
काल्पनिक इमेज सेशन कोर्ट

गोहद। पहले नाबालिग का पीछा किया, फिर शादी के लिए दबाव बनाया और विरोध करने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। हद तो तब हो गई जब रास्ते में बालिका का हाथ पकड़कर उसे जबरन खींचने लगा। बालिका की शिकायत के बाद शुरू हुई कानूनी कार्रवाई में आरोपी को अब जेल की सजा भुगतनी पड़ेगी।

गोहद की विशेष पॉक्सो अदालत ने 14 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी मोसिम खान (22) को दोषी ठहराते हुए तीन वर्ष के सश्रम कारावास और 2 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। न्यायालय ने 13 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया।

10-15 दिनों से कर रहा था पीछा

सहायक मीडिया सेल प्रभारी एवं विशेष लोक अभियोजक शैलेन्द्र कुमार शर्मा द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, घटना की शिकायत 26 फरवरी 2024 को दर्ज कराई गई थी। 14 वर्षीय पीड़िता अपने पिता के साथ थाना गोहद पहुंची और लिखित आवेदन देकर बताया कि अब्दुलपुरा निवासी मोसिम खान, पिता आजाद खान, पिछले करीब 10 से 15 दिनों से उसका पीछा कर रहा था।

वह जहां भी जाती, आरोपी उसके पीछे पहुंच जाता और उससे अपने साथ चलने तथा शादी करने की बात कहता था। बालिका ने आरोपी के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया और उसे अपने पिता से शिकायत करने की बात कही। इस पर आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने यह बात अपने पिता को बताई तो वह उसे जान से खत्म कर देगा।

भिंड में जेल से फरार पॉक्सो आरोपी 5 महीने बाद गिरफ्तार, मंदिर के पास छिपा था, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

चाची के घर जाते समय पकड़कर खींचा हाथ

शिकायत के मुताबिक, 25 फरवरी 2024 को दोपहर करीब 2 बजे बालिका अपनी चाची के घर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी पीछे से आया और उसका हाथ पकड़कर खींचने लगा। उसने बालिका को जबरन उठा ले जाने की बात भी कही।

बालिका ने शोर मचाया तो आवाज सुनकर उसका मामा मौके पर पहुंच गया। मामा को आता देखकर आरोपी वहां से भाग निकला। घर पहुंचकर बालिका ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। मां ने फोन पर उसके पिता को जानकारी दी। इसके बाद पिता के घर पहुंचने पर बालिका उनके साथ थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

पीड़िता की शिकायत पर थाना गोहद पुलिस ने आरोपी मोसिम खान के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354डी और 506 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। इसके बाद विशेष पॉक्सो न्यायालय गोहद में प्रकरण की सुनवाई हुई।

रायसेन: 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल की सजा, 2 हजार का जुर्माना

अभियोजन के साक्ष्यों के आधार पर सुनाई सजा

प्रकरण क्रमांक 03/2024 एससी में सुनवाई पूरी होने के बाद 13 नवंबर 2026 को विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो), गोहद जिला भिण्ड की अदालत ने अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों से सहमत होते हुए आरोपी मोसिम खान पिता आजाद खान, उम्र 22 वर्ष, निवासी अब्दुलपुरा, थाना गोहद को दोषी करार दिया। न्यायालय ने उसे तीन वर्ष के सश्रम कारावास और 2 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया।

Asgar Khan
By Asgar Khan

मैं पत्रकार असगर खान, मध्य प्रदेश के भिंड जिले में वर्ष 2014 से सक्रिय पत्रकार हूं। 11 अगस्त 2014 से...

Latest Posts