Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने ओएसडी वीरेंद्र तिवारी को हटाया, पदोन्नति के बाद भी संभाल रहे थे काम

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्रियों के निजी स्टाफ को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई का सिलसिला जारी है। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के ओएसडी को हटाए जाने के बाद अब स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह के ओएसडी वीरेंद्र तिवारी को भी तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है। पदोन्नति के बाद भी वे मंत्री का कामकाज संभाल रहे थे। उन्हें अब मूल विभाग में वापस भेजा गया है।
परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने ओएसडी वीरेंद्र तिवारी को हटाया, पदोन्नति के बाद भी संभाल रहे थे काम
फाइल फोटो

भोपाल। मंत्रियों के निजी स्टाफ में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को लेकर मध्य प्रदेश सरकार की सख्ती के बीच अब स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) वीरेंद्र तिवारी को पद से हटा दिया गया है। विवादों में घिरने के बाद शासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से ओएसडी की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया है। इससे पहले उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के ओएसडी दीपम रायचूरा को भी हटाया जा चुका है। लगातार दूसरी कार्रवाई के बाद मंत्रियों के निजी स्टाफ की नियुक्तियों और उनकी कार्यप्रणाली को लेकर प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

मूल विभाग में लौटाई गई सेवाएं

वीरेंद्र तिवारी मूल रूप से नगरीय विकास एवं आवास विभाग में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) के पद पर कार्यरत हैं। मंत्री के निजी स्टाफ में आने से पहले वे प्रतिनियुक्ति पर राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड में पदस्थ थे। उनकी नियुक्ति और कार्यप्रणाली को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे थे। अब उन्हें मंत्री के ओएसडी पद से हटाकर मूल विभाग में वापस भेजने की कार्रवाई की गई है।

ये भी पढ़ें: 1 करोड़ की रिश्वत के आरोपों में घिरे OSD दीपम रायचूरा, डिप्टी CM जगदीश देवड़ा ने प्रभार से हटाया

शिकायत मिलने के बाद की कार्रवाई

तिवारी ने 15 मार्च 2024 को राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड में अनुभाग अधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया था। खास बात यह है कि इसी दिन उन्हें मंत्री उदय प्रताप सिंह के ओएसडी के रूप में भी संलग्न कर दिया गया था। करीब दो महीने पहले उनकी पदोन्नति हुई थी। इसके बाद उनकी सेवाएं मूल विभाग को लौटाए जाने की बात सामने आई थी, लेकिन पदोन्नति के बावजूद वे मंत्री के साथ ओएसडी की जिम्मेदारी निभा रहे थे। विवाद बढ़ने के बाद अब उन्हें इस पद से हटा दिया गया है।

डिप्टी सीएम के ओएसडी पर भी हुई थी कार्रवाई

मंत्रियों के निजी स्टाफ को लेकर यह हाल के दिनों में दूसरी बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई है। इससे पहले उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने अपने ओएसडी दीपम रायचूरा को लेनदेन के गंभीर आरोपों के बाद पद से हटा दिया था। अब मंत्री उदय प्रताप सिंह के ओएसडी पर हुई कार्रवाई ने एक बार फिर मंत्रियों के निजी स्टाफ की नियुक्तियों और उनकी जवाबदेही का मुद्दा चर्चा में ला दिया है।

ये भी पढ़ें: डिप्टी सीएम के पूर्व ओएसडी रायचूरा पर एफआईआर दर्ज, शराब ठेके में फर्जी एफडीआर का आरोप

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts