Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छात्रों की ‘गूंज’ से पहले किराए का शोर! 5 दिन का पटाखा बाजार 2 लाख में, छात्रों के कार्यक्रम का किराया 10.50 लाख क्यों?

कांग्रेस का आरोप- एक ही दिन में आईडीए ने बताए किराए के तीन आंकड़े; पटाखा बाजार से तुलना कर पूछा- 5 दिन के कार्यक्रम के लिए इतनी बड़ी रकम क्यों?
छात्रों की ‘गूंज’ से पहले किराए का शोर! 5 दिन का पटाखा बाजार 2 लाख में, छात्रों के कार्यक्रम का किराया 10.50 लाख क्यों?

इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले रीजनल पार्क के पास मैदान के किराए को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस का आरोप है कि पांच दिन के कार्यक्रम के लिए आईडीए ने 10.50 लाख रुपए किराया मांगा है। पार्टी ने आयोजन को गैर-राजनीतिक और छात्रों से जुड़ा बताते हुए सवाल उठाया कि इतनी बड़ी राशि कैसे जमा कराई जाएगी।

संबंधित खबर: कॉफी की चुस्की, युवाओं से सीधी बात!, निशाने पर बेरोजगारी और करियर! पटवारी ने खोला 19 सितंबर का प्लान

 शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे का दावा है कि गुरुवार को आईडीए अधिकारियों ने मैदान के किराए को लेकर एक ही दिन में तीन अलग-अलग आंकड़े बताए। चौकसे के मुताबिक, सुबह करीब 1.30 लाख रुपए, इसके बाद 2.50 लाख रुपए और शाम तक किराया बढ़कर 10.50 लाख रुपए बताया गया। कांग्रेस ने किराए की इस कथित विसंगति पर सवाल उठाते हुए आईडीए से स्पष्टता मांगी है। चौकसे का आरोप है कि अधिकारियों पर भाजपा का दबाव है और इसी वजह से कार्यक्रम के लिए अधिक किराया मांगा जा रहा है।

संबंधित खबर: राहुल गांधी का इंदौर दौरा टला, 12 नहीं अब 19 सितंबर को रीजनल पार्क में होगा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम

15 दिन का पटाखा बाजार 2 लाख में, छात्रों के 5 दिन के 10.50 लाख क्यों?

कांग्रेस ने मैदान के किराए को लेकर एक और सवाल खड़ा किया है। पार्टी का कहना है कि इसी मैदान में 15 दिनों तक पटाखा बाजार लगाया जाता है, जिसके लिए आईडीए सभी व्यापारियों से मिलाकर करीब 2 लाख रुपए किराया लेता है।चौकसे ने सवाल उठाया कि जब 15 दिन के पटाखा बाजार का किराया करीब 2 लाख रुपए है, तो फिर छात्रों से जुड़े पांच दिन के कार्यक्रम के लिए 10.50 लाख रुपए की मांग का आधार क्या है? कांग्रेस ने आईडीए की किराया गणना पर भी सवाल खड़े किए हैं।

संबंधित खबर: राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ के लिए कांग्रेस का बैकअप भी तैयार: खंडवा रोड से खालसा स्टेडियम तक खोज रहे हैं विकल्प

पुलिस क्लीयरेंस के बाद तय होगा किराया : आईडीए

आईडीए प्रबंधन का कहना है कि कार्यक्रम के लिए पुलिस क्लीयरेंस मांगा गया है। पुलिस की अनुमति मिलने के बाद ही मैदान के किराए की गणना की जाएगी। प्रबंधन के अनुसार, फिलहाल पुलिस के जवाब का इंतजार है।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts