Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना में 30 लाख रुपये का पटाखों से भरा ट्रक जब्त, किराना और प्लास्टिक पाइप के पीछे छिपाए थे 16 कार्टून

गुना के म्याना में पुलिस ने हाईवे पर ट्रक से आतिशबाजी के 16 कार्टून जब्त किए। चालक वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
गुना में 30 लाख रुपये का पटाखों से भरा ट्रक जब्त, किराना और प्लास्टिक पाइप के पीछे छिपाए थे 16 कार्टून
गुना में 30 लाख रुपये का पटाखों से भरा ट्रक जब्त

गुना। अवैध आतिशबाजी के परिवहन के खिलाफ गुना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 16 कार्टून पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, ट्रक में किराना सामग्री, प्लास्टिक पाइप और अन्य सामान के पीछे आतिशबाजी छिपाकर ले जाई जा रही थी। जब्त ट्रक और आतिशबाजी सहित कुल मशरूका की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। मामले में चालक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर हाईवे पर घेराबंदी

पुलिस के अनुसार 25 अक्टूबर 2026 की शाम म्याना थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक MP09 HG 9741 में अवैध रूप से आतिशबाजी भरकर बदरवास की ओर से गुना ले जाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने हाईवे पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक दिखाई देने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली।

किराना सामग्री और प्लास्टिक पाइप के पीछे छिपाए थे पटाखे

पुलिस की तलाशी में ट्रक के अंदर किराना सामग्री, प्लास्टिक पाइप और अन्य सामान रखा मिला। इनके पीछे आतिशबाजी के कार्टून छिपाए गए थे। तलाशी के दौरान विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी के कुल 16 कार्टून बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक कार्टूनों पर नवाब खां, बदरवास सहित विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी से संबंधित नाम अंकित थे।

गुना में घर में घुसकर लूट और फायरिंग के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, एक बदमाश घायल

चालक के पास नहीं मिले वैध दस्तावेज

पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम पवन जोशी (40), निवासी ग्राम चितारा, थाना बदरवास, जिला शिवपुरी बताया। आतिशबाजी के परिवहन से संबंधित वैध लाइसेंस और दस्तावेज मांगे जाने पर चालक उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आतिशबाजी के कार्टून और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को जब्त कर लिया।

विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज

म्याना थाना पुलिस ने पवन जोशी के खिलाफ अपराध क्रमांक 258/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 5(ख) में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

गुना में महिलाओं के लिए बड़ी पहल: 25वें नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 215 महिलाओं की जांच, अब तक 4 हजार महिलाओं को मिला लाभ

थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई म्याना थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र गौड़ और सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण रघुवंशी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak

Latest Posts