कॉफी की चुस्की, युवाओं से सीधी बात!, निशाने पर बेरोजगारी और करियर! पटवारी ने खोला 19 सितंबर का प्लान

इंदौर। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को इंदौर में Gen-Z युवाओं के साथ ‘कॉफी विद जीतू पटवारी’ कार्यक्रम के तहत अनौपचारिक संवाद किया। कॉफी टेबल पर हुई इस बातचीत में युवाओं की पढ़ाई, करियर, रोजगार, स्टार्टअप और सोशल मीडिया जैसे मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। बातचीत का मुख्य फोकस 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित बड़े छात्र संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर रहा। पटवारी ने युवाओं से उनके भविष्य और मौजूदा चुनौतियों को लेकर सवाल-जवाब किए। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि उसे रोजगार, अवसर और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का मंच चाहिए। कांग्रेस युवाओं की इसी आवाज को बड़े मंच तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
संबंधित खबर: राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम, ABVP और NSUI कार्यकर्ता आपस में भिड़े
बोले- युवा तैयार है, आवाज भी तैयार है
संवाद के दौरान पटवारी ने कहा, “युवा तैयार है, आवाज तैयार है, अब इंदौर में गूंजेगी छात्रों की आवाज।” उन्होंने कहा कि जननायक राहुल गांधी के स्वागत के लिए मध्यप्रदेश का युवा पूरी तरह तैयार है।
19 सितंबर के कार्यक्रम पर नजर
बताया जा रहा है कि 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी शामिल हो सकते हैं। इसी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पटवारी लगातार युवा वर्ग के बीच पहुंच रहे हैं और उनसे सीधे संवाद कर रहे हैं।
संबंधित खबर: 12 सितंबर को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में ‘छात्रों की गूंज’कार्यक्रम: राहुल गांधी होंगे शामिल
19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित कांग्रेस के बड़े ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और प्रशासन आमने-सामने आ गए हैं। राहुल गांधी के प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम के लिए कांग्रेस पिछले कई दिनों से अनुमति का इंतजार कर रही है, लेकिन अब तक हरी झंडी नहीं मिली है। अनुमति की फाइल कलेक्टर, नगर निगम, पुलिस और इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) के बीच घूम रही है। इधर, कांग्रेस ने तेवर साफ करते हुए कहा है कि अनुमति मिले या नहीं, कार्यक्रम होकर रहेगा। पार्टी का दावा है कि बुधवार को महज 24 घंटे में करीब 50 हजार रजिस्ट्रेशन हुए और अब तक 1.50 लाख से ज्यादा युवा रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। कांग्रेस इसे युवाओं में कार्यक्रम को लेकर बढ़ते उत्साह का संकेत बता रही है।
संबंधित खबर: राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम, ABVP और NSUI कार्यकर्ता आपस में भिड़े
कांग्रेस बोली- बड़े आयोजन हुए, फिर राहुल गांधी के कार्यक्रम पर सवाल क्यों?
कार्यक्रम के लिए अनुमति में हो रही देरी पर कांग्रेस ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि नेहरू स्टेडियम में पहले भी बड़े और भीड़ वाले आयोजन हो चुके हैं, ऐसे में राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति को लेकर इतनी लंबी प्रक्रिया क्यों चल रही है। कांग्रेस ने इसके लिए 8 फरवरी 2026 को भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला के यूथ वॉक कार्यक्रम और 10 नवंबर 2024 को करीब 5 हजार महिलाओं के सामूहिक तलवारबाजी प्रदर्शन का हवाला दिया है। कांग्रेस का तर्क है कि जब इन्हीं स्थानों पर बड़े आयोजनों को अनुमति दी गई और कार्यक्रम आयोजित भी हुए, तो अब छात्र संवाद कार्यक्रम के लिए अलग-अलग विभागों से अनुमति लेने में इतनी देरी क्यों हो रही है।




















