हरदा में सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम, 280 विद्यार्थियों ने लिया प्रतियोगिताओं में हिस्सा
हरदा। अभियान के तहत आयकर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा ली। वहीं, पांच स्कूलों के सहयोग से आयोजित निबंध लेखन, पेंटिंग और नारा लेखन प्रतियोगिताओं में कक्षा छठवीं से आठवीं तक के लगभग 280 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा लेकर ईमानदारी का संकल्प लिया
प्रधान आयकर आयुक्त-1, भोपाल सृजनी मोहन्ती के नेतृत्व और संयुक्त आयकर आयुक्त, परिक्षेत्र-1 सौरभ कुमार शर्मा के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सुबह 11 बजे आयकर कार्यालय हरदा के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा लेकर ईमानदारी, नैतिक आचरण और पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़ें: हरदा में नशे के खिलाफ मोर्चा, 11 सदस्यीय टीम का गठन, युवाओं पर रहेगा फोकस
पांच स्कूलों के सहयोग से आयोजित हुईं प्रतियोगिताएं
जन-जागरूकता गतिविधियों के तहत सनफ्लावर स्कूल हरदा, द फाउंडेशन ऑफ एजुकेशन स्कूल हरदा, मदर्स लैप स्कूल हरदा, संस्कार पब्लिक स्कूल हरदा और नॉलेज पब्लिक स्कूल टिमरनी के सहयोग से सनफ्लावर स्कूल में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें कक्षा छठवीं से आठवीं तक के लगभग 280 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
निबंध लेखन, पेंटिंग और नारा लेखन में लिया हिस्सा
विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, पेंटिंग और नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आयकर विभाग की ओर से सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र दिए गए, जबकि कार्यक्रम में सहयोग करने वाले स्कूलों के शिक्षकों को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
3 नवंबर को विजेता विद्यार्थियों को किया जाएगा पुरस्कृत
आयकर विभाग के अनुसार, तीनों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 3 नवंबर 2026 को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए दोपहर 3 बजे आयकर भवन, हरदा में कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें विजेताओं को प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न और उपहार प्रदान किए जाएंगे।
विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा, नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यशैली के महत्व से अवगत कराया गया। विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज के बीच ईमानदारी और पारदर्शिता का संदेश पहुंचाना और बेहतर भविष्य के निर्माण में सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना है।
आयकर अधिकारी ने सहयोगियों के प्रति जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में आयकर अधिकारी-1 हरदा ललन कुमार ने आयोजन में सहयोग देने वाले स्कूलों, शिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विभाग की ओर से अभियान के माध्यम से ईमानदारी और पारदर्शिता के मूल्यों को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।























