Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

रायपुर में बंद फैक्ट्री में 17 लाख की डकैती का खुलासा: चौकीदार को रस्सी से बांधकर लूटा था सामान, 3 आरोपी गिरफ्तार

हीरापुर की अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में 7-8 बदमाशों ने दिया था वारदात को अंजाम, एक सप्ताह तक की थी रेकी; पुलिस ने टाटा एस, स्कूटी और चोरी का सामान किया जब्त, अन्य आरोपी फरार,रायपुर के हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात की बंद फैक्ट्री में चौकीदार को बंधक बनाकर डकैती करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे हुई थी।
रायपुर में बंद फैक्ट्री में 17 लाख की डकैती का खुलासा: चौकीदार को रस्सी से बांधकर लूटा था सामान, 3 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बंद फैक्ट्री को निशाना बनाकर की गई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में चौकीदार को रस्सी से बांधकर लाखों रुपये का सामान लूटने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपये कीमत का सामान और वारदात में इस्तेमाल टाटा एस वाहन, स्कूटी समेत अन्य उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

संबंधित खबर: Raipur: रायपुर में कल्याण ज्वेलर्स पर डकैती की साजिश नाकाम, पिस्टल-कारतूस के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार



चौकीदार को बनाया बंधक, फैक्ट्री से लाखों का सामान पार

पुलिस के अनुसार, अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री वर्ष 2020 से बंद है। यहां दिलीप कुमार वर्मा चौकीदार के रूप में काम करते हैं। 22 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे वह ड्यूटी के दौरान फैक्ट्री कार्यालय के पोर्च में बैठे थे। इसी दौरान फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के अंधेरे हिस्से से एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। चौकीदार ने उसे आवाज देकर रोकने और दौड़ाने का प्रयास किया तो वह पत्थर मारने लगा। इसी बीच मुंह पर कपड़ा बांधे 7-8 अन्य लोग वहां पहुंच गए। बदमाशों ने चौकीदार को पकड़कर उसके दोनों हाथ पीछे की ओर रस्सी से बांध दिए और उसे बंधक बना लिया।

/img/129/1793024308662

कार्यालय और फैक्ट्री से समेट ले गए कीमती सामान

चौकीदार को बंधक बनाने के बाद आरोपियों ने कार्यालय और फैक्ट्री में रखे कीमती सामान को निशाना बनाया। बदमाश एल्युमिनियम वायर बंडल, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, नकदी, पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सामान को टाटा एस वाहन में लादकर फैक्ट्री की साइड की दीवार तोड़ते हुए खेत के रास्ते रिंग रोड की ओर निकल गए। घटना के बाद चौकीदार की रिपोर्ट पर कबीर नगर थाने में अपराध क्रमांक 217/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(2) और 310(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एक सप्ताह तक की रेकी, फिर वारदात को दिया अंजाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा कबीर नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। आरोपियों के संभावित आने-जाने के रास्तों पर लगे कैमरों की भी जांच की गई। पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, मुखबिरों से मिली सूचनाओं और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सरोना, डीडी नगर निवासी संदीप नेताम के संबंध में अहम जानकारी मिली। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया गया।

संबंधित खबर: दुर्ग में 11 लाख के लेन-देन पर जवान का अपहरण,महिला समेत 2 गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

टाटा एस और स्कूटी से पहुंचे थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने घटना से पहले लगभग एक सप्ताह तक फैक्ट्री की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी थी। योजना के अनुसार, वे टाटा एस वाहन और स्कूटी से फैक्ट्री पहुंचे। इसके बाद चौकीदार को बंधक बनाकर फैक्ट्री से कीमती सामान लूटा और वाहन में भरकर फरार हो गए।

17 लाख रुपये का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने करीब 17 लाख रुपये कीमत का सामान और वारदात में इस्तेमाल उपकरण व वाहन जब्त किए हैं।

जब्त सामग्री में शामिल हैं:

एल्युमिनियम वायर बंडल

एल्युमिनियम और कॉपर के सामान

एल्युमिनियम प्लेट और हैलोजन लाइट

पैनल कार्ड और कॉपर क्वाइल

कटर मशीन और ड्रिल मशीन

टाटा एस चारपहिया वाहन

स्कूटी दोपहिया वाहन

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक मामलों से संबंध रहा है।

1. संदीप नेताम (35 वर्ष): निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, ब्लॉक नंबर 14, कमरा नंबर 14, सरोना, थाना डीडी नगर। पुलिस के मुताबिक, वह पहले गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के चोरी और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है।

2. अजीत भारती (30 वर्ष): निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, सरोना, थाना डीडी नगर, रायपुर। पुलिस के अनुसार, वह पहले प्रतिबंधात्मक धाराओं से संबंधित मामले में निरुद्ध रह चुका है।

3. उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन (27 वर्ष): निवासी देवारपारा, सुभाषनगर, थाना तेलीबांधा, रायपुर। पुलिस के मुताबिक, वह पहले टिकरापारा थाना क्षेत्र के नकबजनी के मामले में जेल जा चुका है।

संबंधित खबर: दंपति को बंधक बनाकर 22 तोला सोना व ढाई लाख रुपए नकदी ले उड़े बदमाश , सौंसर में कपास कारोबारी के घर चड्डी-बनियान गैंग ने डाली डकैती

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में हुई डकैती के मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट अब तक चोरी, नकबजनी, स्नेचिंग, लूट और डकैती के कुल 150 मामलों में 237 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इन मामलों में कुल 4 करोड़ 66 लाख 25 हजार 100 रुपये कीमत की संपत्ति जब्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts