गुना: एक माह से लापता दो नाबालिग गुजरात से सकुशल बरामद, मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

गुना। पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को कुम्भराज थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय और 16 वर्षीय दो नाबालिग बहनें घर से बिना बताए चली गई थीं। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की और लगातार प्रयासों के बाद 25 अक्टूबर 2026 को दोनों को बड़ोदरा से सुरक्षित बरामद कर लिया।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और एसडीओपी चाचौड़ा मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित अग्रवाल ने पुलिस टीम के साथ लगातार प्रयास किए। मुखबिर के साथ तकनीकी संसाधनों और सूचना के जरिए दोनों बहनों की तलाश जारी रखी गई।
ये भी पढ़ें: गुना में 30 लाख रुपये का पटाखों से भरा ट्रक जब्त, किराना और प्लास्टिक पाइप के पीछे छिपाए थे 16 कार्टून
गुजरात के बड़ोदरा से दोनों बहनों को किया बरामद
लगातार प्रयासों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को दोनों बहनों के गुजरात के बड़ोदरा में होने की जानकारी मिली। इसके बाद थाना प्रभारी अमित अग्रवाल ने पुलिस टीम को तत्काल बड़ोदरा रवाना किया, जहां टीम ने सतर्कता और सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए 25 अक्टूबर 2026 को दोनों नाबालिगों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
बाल कल्याण समिति के माध्यम से परिजनों को सौंपा
दोनों बहनों को कुम्भराज लाने के बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद बाल कल्याण समिति के माध्यम से उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि मामले में जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
थाना प्रभारी अमित अग्रवाल सहित पुलिस टीम का सम्मान
दोनों नाबालिग बहनों की सुरक्षित बरामदगी पर परिजनों और समाजजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की। इसी कड़ी में कुम्भराज थाना परिसर में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित अग्रवाल सहित पुलिस स्टाफ का पुष्पहार पहनाकर सम्मान किया गया और टीम को बधाई दी गई।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित अग्रवाल, उपनिरीक्षक होतम सिंह बघेल, सहायक उपनिरीक्षक कैलाशनारायण जटिया, सहायक उपनिरीक्षक रेखा नामदेव, प्रधान आरक्षक सलीम खान, शिवकुमार रघुवंशी, आलोक भदौरिया, आरक्षक सत्येन्द्र रावत, धर्मवीर सिंह, दिलीप धाकड़ सहित कई पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।




















