Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राहुल गांधी कल इंदौर में, पहले अनुमति-NOC पर खींचतान, अब रूट को लेकर भी आमने-सामने कांग्रेस-प्रशासन

कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत इंदौर पहुंचेंगे। कार्यक्रम से पहले आयोजन स्थल की फायर और इलेक्ट्रिकल एनओसी तथा होटल से कार्यक्रम स्थल तक रूट को लेकर कांग्रेस और प्रशासन के बीच मतभेद सामने आए। राहुल विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। यह श्रृंखला का देश में पांचवां आयोजन है।
 राहुल गांधी कल इंदौर में, पहले अनुमति-NOC पर खींचतान, अब रूट को लेकर भी आमने-सामने कांग्रेस-प्रशासन
इंदौर। राहुल गांधी के दौरे को लेकर शुक्रवार को कवायद जारी रही।

इंदौर। ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचेंगे, लेकिन उनके कार्यक्रम की तैयारियों से ज्यादा प्रशासनिक अनुमति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर खींचतान चर्चा में रही। शुक्रवार शाम तक आयोजन स्थल की फायर और इलेक्ट्रिकल एनओसी को लेकर कांग्रेस नेताओं और प्रशासन के बीच जद्दोजहद जारी थी। वहीं राहुल गांधी को होटल से कार्यक्रम स्थल तक ले जाने के रूट को लेकर भी पुलिस और कांग्रेस नेताओं की अलग-अलग राय रही है।

दोपहर 1.45 बजे इंदौर पहुंचेंगे

कांग्रेस नेताओं के अनुसार तय कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी दोपहर 1.45 बजे विमान से इंदौर पहुंचेंगे। इसके बाद वे रिंग रोड स्थित होटल रेडिसन जाएंगे। शाम 5.30 बजे रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे और रात करीब साढ़े आठ बजे तक यहां रहेंगे। रात 9 बजे की उड़ान से वे दिल्ली रवाना हो जाएंगे। कार्यक्रम में गायक राघव चैतन्य, रैपर लशकरी और डांस ग्रुप विकास अनबिटेबल प्रस्तुति देंगे।

पुलिस ने सुपर कॉरिडोर से जाने का प्रस्ताव दिया

राहुल गांधी को होटल से कार्यक्रम स्थल तक ले जाने के लिए पुलिस ने विजय नगर, एमआर-10 और सुपर कॉरिडोर होते हुए रीजनल पार्क पहुंचने का रूट प्रस्तावित किया। कांग्रेस नेताओं ने इसका विरोध करते हुए एबी रोड से सीधे कार्यक्रम स्थल ले जाने की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि प्रस्तावित रूट लंबा है और ट्रैफिक व निर्माण कार्यों के कारण समय भी अधिक लगेगा। पुलिस सुरक्षा कारणों का हवाला दे रही है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि प्रशासन जानबूझकर लंबा रूट तय कर रहा है, जबकि पुलिस अधिकारियों का जोर सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से तय रूट पर है।

ये भी पढ़ें: LNIPE में बढ़ी रार, कुलपति के खिलाफ 18 शिक्षकों ने खेल मंत्री को भेजा ई-मेल

नेहरू स्टेडियम से शुरू हुआ था विवाद 

कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने पहले नेहरू स्टेडियम मांगा था। नगर निगम ने हाई कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए राजनीतिक आयोजन के लिए स्टेडियम देने से इनकार किया। इसके बाद रीजनल पार्क के सामने आईडीए के मैदान को चुना गया। मैदान आवंटन के लिए कांग्रेस ने 10.08 लाख रुपये जमा किए। बाद में चार लाख रुपये अतिरिक्त किराए की मांग भी की गई। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा को लेकर कई शर्तें रखीं। आयोजन में आने वाले लोगों की जानकारी, सुरक्षा, पार्किंग, अग्निशमन, एंबुलेंस और चिकित्सा व्यवस्था जैसे इंतजाम कांग्रेस को करने के निर्देश दिए गए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उन्होंने इन व्यवस्थाओं पर सहमति दी, लेकिन फायर और इलेक्ट्रिकल एनओसी शुक्रवार तक जारी नहीं हुई।

इंदौर में है पांचवां आयोजन

यह ‘छात्रों की गूंज’ श्रृंखला का देश में पांचवां आयोजन है। इससे पहले कोटा, प्रयागराज, देहरादून और पुणे में कार्यक्रम हो चुके हैं। कांग्रेस ने आयोजन को शिक्षा और रोजगार केंद्रित बताते हुए राजनीतिक चिन्ह और झंडों से दूर रखा है। कार्यक्रम में 35 वर्ष तक के युवाओं को प्रवेश दिया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: सोहागपुर में UGC नियमों और आरक्षण व्यवस्था को लेकर सवर्ण समाज का प्रदर्शन, मशाल जुलूस निकालकर सौंपा ज्ञापन

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts