Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

राहुल गांधी ने जिला कांग्रेस समितियों को ताकतवर और जिम्मेदार बनाने का दिया संदेश : मुकेश नायक

Follow on Google News
राहुल गांधी ने जिला कांग्रेस समितियों को ताकतवर और जिम्मेदार बनाने का दिया संदेश : मुकेश नायक
भोपाल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने भोपाल दौरे के दौरान कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के स्पष्ट संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस समितियों को ताकतवर और जवाबदेह बनाया जाएगा। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने यह जानकारी दी।

चयन में जिला समितियों की अहम भूमिका तय

मुकेश नायक के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में अब जिला कांग्रेस समितियों की भूमिका निर्णायक होगी। इन समितियों को जिम्मेदारी दी जाएगी तो उनकी जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाएगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) और राज्य स्तर के पर्यवेक्षक संयुक्त रूप से समय देकर संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया को निष्पक्षता से अंजाम देंगे। इस पूरी प्रक्रिया का मकसद केवल योग्य व्यक्ति को सही स्थान देना है- न कि किसी व्यक्ति विशेष के हित को साधना।

वार्ड से लेकर पंचायत स्तर तक पुनर्गठन

राहुल गांधी ने निर्देश दिया है कि संगठनात्मक स्तर पर ब्लॉक कांग्रेस, सेक्टर कांग्रेस, वार्ड कांग्रेस और पंचायत कांग्रेस समितियों का गठन जल्द किया जाए। इसका उद्देश्य है कि कांग्रेस के पास चुनावों के समय एक मजबूत और सक्रिय संगठनात्मक ढांचा हो जो पार्टी की विचारधारा को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सके।

नेताओं को दिया एकजुटता का संदेश

मुकेश नायक ने बताया कि बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि संगठन को एकजुटता के साथ भाजपा का सामना करना होगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि गुटबाजी कांग्रेस की सबसे बड़ी कमजोरी है, और इसे समाप्त करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। सभी वरिष्ठ नेताओं ने बैठक में अपने सुझाव रखे और एक सामूहिक सोच के साथ आगे बढ़ने की बात कही।

राहुल गांधी की शैली पर विपक्ष को जवाब

राहुल गांधी के जूते पहनकर श्रद्धांजलि देने पर उठे सवालों का जवाब देते हुए डॉ. नायक ने कहा, हम लोग ज्यादा कर्मकांड में विश्वास नहीं करते। संस्कार के नाम पर जनता की आंखों में धूल झोंकने का दौर अब खत्म हो चुका है। देश को अब ऐसे नेता चाहिए जो समावेशी सोच और समता मूलक समाज की बात करें। कांग्रेस इसी रास्ते पर आगे बढ़ रही है।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts